काठो का बाबा मटेश्वर धाम बना अटूट आस्था का केंद्र, सावन में हजारों श्रद्धालु करते हैं जलाभिषेक

Updated:
विज्ञापन
फोटो - सहरसा - बाबा मकेश्वर धाम मंदिर | Prabhat Khabar Network

बाबा मकेश्वर धाम मंदिर. | Prabhat Khabar Network

Today Darshan : काठो का बाबा मटेश्वर धाम महादेव मंदिर धार्मिक और आध्यात्मिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहाँ स्वयंभू शिवलिंग की पूजा होती है. यह स्थान भक्तों की मनोकामना पूर्ण करने की शक्ति के लिए प्रसिद्ध है, खासकर सावन और महाशिवरात्रि पर यहाँ भारी भीड़ उमड़ती है.

विज्ञापन

Today Darshan : काठो स्थित बाबा मटेश्वर धाम महादेव मंदिर धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. स्थानीय मान्यता के अनुसार यहां स्थापित शिवलिंग स्वयंभू स्वरूप में प्रकट हुआ था. तभी से यहां नियमित रूप से पूजा-अर्चना का क्रम जारी है. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्चे मन से बाबा के दरबार में आने वाले भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है. यही आस्था हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को इस धाम तक खींच लाती है.

सुबह की आरती से शाम की आरती तक रहता है भक्तिमय माहौल

मंदिर परिसर में सुबह की मंगला आरती से लेकर शाम की भव्य आरती तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है. हर-हर महादेव के जयघोष, घंटियों की मधुर ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण शिवमय हो जाता है. श्रद्धालु जल, बेलपत्र, धतूरा और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं.

सावन और महाशिवरात्रि पर उमड़ता है आस्था का सैलाब

सावन माह और महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा मटेश्वर धाम में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ती है. मुंगेर जिले के छर्रापट्टी से भी श्रद्धालु गंगाजल लेकर पूरे सावन महीने यहां जलाभिषेक करने पहुंचते हैं. महाशिवरात्रि पर कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के सहयोग से दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. इस दौरान मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जाता है और विशेष श्रृंगार के बाद वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न होती है.

मनोकामना पूर्ण होने पर चढ़ाते हैं विशेष प्रसाद

बाबा मटेश्वर धाम में कई श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल और विशेष प्रसाद अर्पित करते हैं. शाम की आरती में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल होकर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि बाबा की कृपा से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है.

धार्मिक पर्यटन के रूप में बढ़ रही पहचान

स्थानीय लोगों के अनुसार बाबा मटेश्वर धाम अब धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में भी पहचान बना रहा है. मंदिर परिसर में लगातार सुविधाओं का विस्तार और विकास कार्य होने से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है. यहां आने वाले श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ ग्रामीण संस्कृति, प्राकृतिक वातावरण और आध्यात्मिक शांति का भी अनुभव करते हैं. भक्तों का अटूट विश्वास है कि बाबा मटेश्वर के दरबार से कोई भी श्रद्धालु खाली हाथ नहीं लौटता.


विज्ञापन
Vinay Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन