ट्रेन में मारपीट छुड़ाने गये ऑटो चालक की मौत, जीआरपी ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया

Published by : Dipankar Shriwastaw Updated At : 08 Jun 2026 5:17 PM

विज्ञापन

सहरसा रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर रविवार को जनसेवा एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.

विज्ञापन

सीट विवाद ने लिया जानलेवा रूप, स्टेशन पर हुई हिंसक झड़प के बाद बिगड़ी थी हालत

सहरसा. सहरसा रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर रविवार को जनसेवा एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक ऑटो चालक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. मृतक की पहचान नगर निगम क्षेत्र के भेड़धरी वार्ड 24 निवासी मो हनीफ के 38 वर्षीय पुत्र मो अनीस के रूप में हुई है. वह ऑटो चालक था और सहरसा से मधेपुरा रूट पर ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. अपने पीछे वह दो पुत्र तबरेज (15 वर्ष), परवेज (14 वर्ष) एवं 12 वर्षीय पुत्री शहजादी खातून को छोड़ गया है.

सीट को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14618) में भेड़धरी निवासी मो निजाम अपनी सास मोमिना बीबी को ट्रेन में बैठाने पहुंचे थे. बोगी में सीट पर बैठाने के दौरान महिषी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 निवासी मुसद सादा एवं उनके पुत्र रमेश सादा से सीट को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गयी. मो निजाम ने बताया कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के कई लोग एकजुट होकर मारपीट करने लगे. इसी बीच उनके साथ मौजूद मो अनीस ने बीच-बचाव का प्रयास किया. आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने अनीस के साथ बेरहमी से मारपीट की एवं बोगी के भीतर उसका सिर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची. तब तक कई लोग फरार हो चुके थे. पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया. घायल अनीस को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. उसके बाद शहर के एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गयी. निजी क्लीनिक के चिकित्सक डॉ रंजेश कुमार ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण सोमवार की सुबह उसकी ब्रेन डेथ हो गयी थी. इसके बाद दिन में उसकी मृत्यु हो गयी.

दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

सहरसा रेलवे स्टेशन जीआरपी थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा. उन्होंने बताया कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है एवं उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन