वर्तमान समय में बिहार कांग्रेस गुजर रही संक्रमण के दौर से

वर्तमान समय में बिहार कांग्रेस गुजर रही संक्रमण के दौर से
पूर्व विधायक छत्रपति यादव की पहल, संगठन सुदृढ़ीकरण और जनसंवाद पर चर्चा सलखुआ मुख्यालय में एक प्रेस क्लब तथा सामुदायिक विवाह भवन की रखी मांग सलखुआ. कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करने तथा कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से आगामी 21 अप्रैल को खगड़िया में आहूत कांग्रेस बचाओ सम्मेलन सफल बनाने के लिए खगड़िया के पूर्व विधायक छत्रपति यादव ने शनिवार को प्रखंड भ्रमण कर सलखुआ गोंठ स्थित अरविंद यादव के आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित की. जिसमें उन्होंने बताया कि 17 मार्च को पटना में आयोजित समर्पित कांग्रेसजनों की बैठक में बिहार कांग्रेस बचाओ सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया था. इसी क्रम में दिल्ली से अभियान की शुरुआत के बाद अब राज्य के विभिन्न जिलों में सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके तहत खगड़िया में भी यह कार्यक्रम प्रस्तावित है. पूर्व विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में बिहार कांग्रेस संक्रमण के दौर से गुजर रही है. उन्होंने वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट वितरण में कथित अनियमितता तथा संगठन निर्माण के नाम पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को पार्टी की कमजोर स्थिति के प्रमुख कारणों में शामिल किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को फिर से मजबूत बनाने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की अपील की. उन्होंने जानकारी दी कि सम्मेलन से पूर्व जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायत स्तर पर आपका साथ चाहिए यात्रा निकाली जा रही है. इस यात्रा की शुरुआत 25 मार्च से चौथम प्रखंड से की गयी है. यात्रा का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित करना, संगठन की वर्तमान स्थिति से अवगत कराना तथा समाज की बुनियादी समस्याओं को समझकर उन्हें सार्वजनिक मंच तक पहुंचाना है. उन्होंने जिले भर के कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की. साथ ही उम्मीद जताई कि इस पहल से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी. मौके पर रामचंद्र यादव, शालिंद्र यादव, उपेंद्र यादव सहित अनेकों कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




