चोरी कराते एक वीक्षक को डीएम ने पकड़ा

Published at :04 Mar 2017 8:36 AM (IST)
विज्ञापन
चोरी कराते एक वीक्षक को डीएम ने पकड़ा

प्रथम पाली की परीक्षा में विभिन्न केंद्रों से पांच परीक्षार्थी निष्कासित हुए, जबकि दूसरी पाली में एक को निष्कासित किया गया. रूपवती कन्या उवि में एक छात्रा परीक्षा के दौरान बेहोश हो गयी. सहरसा : प्रशासनिक सख्ती के बीच मैट्रिक के तीसरे दिन की सोशल साइंस की परीक्षा में चिट पहुंचाने के आरोप में एक […]

विज्ञापन
प्रथम पाली की परीक्षा में विभिन्न केंद्रों से पांच परीक्षार्थी निष्कासित हुए, जबकि दूसरी पाली में एक को निष्कासित किया गया. रूपवती कन्या उवि में एक छात्रा परीक्षा के दौरान बेहोश हो गयी.
सहरसा : प्रशासनिक सख्ती के बीच मैट्रिक के तीसरे दिन की सोशल साइंस की परीक्षा में चिट पहुंचाने के आरोप में एक वीक्षक, एक फर्जी छात्र सहित छह परीक्षार्थी निष्कासित किये गये. आयुक्त ललनजी व डीएम विनोद सिंह गुंजियाल के कड़े निर्देश के बाद प्रशासन ने कदाचार पर पूर्ण रोक लगाने का प्रयास किया. जिलाधिकारी श्री गुंजियाल ने आरएम कॉलेज केंद्र पर निरीक्षण के क्रम में एक वीक्षक अमरपुर उच्च विद्यालय सौरबाजार के शिक्षक मनोज कुमार राम के हाथ में चिट देख पकड़ने का निर्देश दिया. उक्त शिक्षक को केंद्राधीक्षक ने सदर थाने के हवाले कर दिया. केंद्राधीक्षक ने बताया कि वीक्षक श्री राम केंद्र पर परीक्षा दे रही एक छात्रा की मदद कर रहे थे कि डीएम की नजर पड़ गयी.
जिन्होंने तत्काल वीक्षक को पकड़ा. साथ ही उक्त लड़की को भी परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया. वहीं वीक्षण कार्य के दौरान प्रथम पाली में एक परीक्षार्थी दीपक कुमार पर शंका होने के बाद उक्त परीक्षार्थी से जब गहन पूछताछ की गयी तो वह परीक्षार्थी फर्जी निकला. वह अपने भाई संतोष कुमार के बदले परीक्षा दे रहा था. जिसे हिरासत में लेकर सदर थाना भेज दिया गया. प्रथम पाली की परीक्षा में विभिन्न केंद्रों से पांच परीक्षार्थी निष्कासित किया गया. जबकि दूसरी पाली में एक निष्कासित किया गया. रूपवती कन्या उच्च विद्यालय में दूसरी पाली की परीक्षा में एक छात्रा महाश्वेता कुमारी परीक्षा के दौरान बेहोश हो गयी. जिसे आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां वह इलाजरत है. जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश चंद्र देव ने बताया कि कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए अधिकारियों की टीम सतत निगरानी कर रही है. वीक्षकों सहित परीक्षार्थियों पर नजर रखी जा रही है. परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित हो रही है.
सहरसा. परीक्षा अंदर व बाहर चिट-पुरजा का खेल बंद होने पर परीक्षार्थी नकल करने के नये-नये तरीकों का इजाद कर रहे हैं. पटना में एक छात्रा के दुपट्टे पर उतरे चिट के बाद सहरसा में छात्रा की सलवार पर अनेकों प्रश्न के उत्तर लिखे मिले. हालांकि गहन छानबीन के कारण वे किसी भी विधा से सफल नहीं हो पा रहे हैं.
प्रवेश से पहले जांच में धरायी: अनुग्रह नारायण सिंह स्मारक उवि, जेल कॉलोनी केंद्र पर शुक्रवार को पहली पाली की परीक्षा शुरू होने से पूर्व परीक्षार्थियों को विद्यालय परिसर में क्रमवार रूप से प्रवेश कराया जा रहा था. केंद्र पर तैनात महिला मजिस्ट्रेट राधाप्रभा के समक्ष करायी जा रही जांच के दौरान एक परीक्षार्थी की सलवार पर विभिन्न प्रश्नों के उत्तर लिखे मिले. मजिस्ट्रेट ने छात्रा को किनारे कर इसकी सूचना केंद्राधीक्षक को दी. केंद्राधीक्षक शिवदर्शन सिंह ने छात्रा से पूछताछ कर उसके अभिभावक को दूसरे कपड़े के साथ बुलवाया. अभिभावक, महिला मजिस्ट्रेट व महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में उसके कपड़े बदलवाये गये. फिर उसे परीक्षा में शामिल होने की इजाजत दी गयी.
सात घरों से 30 लाख की चोरी
जिले में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं. अाम लोग परेशान हैं. पुलिस बेपरवाह है. चोरी के बाद मुआयना भर कर लेती है. पिछली कई चोरियों का खुलासा नहीं हुआ. चोर भी नहीं पकड़े गये. पुलिस को जनता का विश्वास बनाये रखने के लिए सक्रिय होने की जरूरत है.
सत्तरकटैया :बिहरा थाना क्षेत्र के आरण, बारा, लालगंज व पंचगछिया गांव के सात घरों में गुरुवार की रात तीस लाख से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली गयी है. शातिर चोर मेन गेट की कुंडी काट कर घर में गया और अलमारी, ट्रंक, बक्सा, डिमांड बॉक्स सहित अन्य सुरक्षित जगहों का ताला व कुंडी काट कर नकदी, सोने व चांदी के जेवरात, कपड़ा, बरतन सहित अन्य बहुमूल्य सामग्री की चोरी कर ली. लेकिन इस चोरी की कहीं से कोई भनक तक नहीं लगने दी.
मिली जानकारी के अनुसार, आरण गांव निवासी सेवानिवृत्त क्षेत्रीय महानिदेशक पशुपालन विभाग, पटना डॉ आरपी यादव व सेवानिवृत्त पशुपालन चिकित्सा पदाधिकारी झारखंड डॉ केपी यादव के घर चोरों ने पिछली दीवार को तोड़ कर मेन गेट का ताला एवं कुंडी काट दी. अंदर घुसाेऔर बीस लाख से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली. जानकारी के अनुसार दोनों सेवानिवृत्त चिकित्सक सपरिवार विगत एक माह से घर से बाहर थे. डॉ आरपी यादव का पुत्र डॉ एके आशु पटना आइजीएमएस के सहायक निदेशक हैं. वहीं दूसरा पुत्र प्रो अनिल कुमार पटना सांइस कॉलेज के प्रोफेसर तथा तीसरा पुत्र डॉ मुन्ना टाटा कंपनी में अच्छे पद पर कार्यरत हैं.
वहीं डॉ केपी यादव के प्रथम पुत्र डियर दिल्ली में बैंक के पदाधिकारी तथा दुसरा पुत्र गोलू आस्ट्रेलिया में इंजीनियर है. पिछले माह शादी समारोह के बाद सभी घर में ताला लगाकर अपनी-अपनी ड्यूटी पर चले गये. दोनों परिवार के दो मंजिले मकान को सुनसान देख चोरों ने निशाना बनाया और रात भर अलमारी, ट्रंक, बॉक्स आदि को तोड़ कर बीस लाख से अधिक की संपत्ति की चोरी की. घटना की जानकारी सुबह घर का ताला टूटा देख ग्रामीणों को मिली. स्थानीय लोगों ने ही पुलिस को फोन कर जानकारी दी. मौके पर थानाध्यक्ष मो सरवर आलम ने पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है.
वहीं पंचगछिया दुर्गापुर में जिला पार्षद प्रियंका आनंद के देवर सोनू सिंह की दुकान में चोरों ने ताला तोड़ कर तथा बारा लालगंज के संजीव झा, अनिल झा, नुनूलाल तांती तथा लालो साह के घर में चोरों ने घुस कर दस लाख से अधिक की संपत्ति चुरा ली है. सभी पीड़ित परिवार के द्वारा थाना में आवेदन दिया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरों का पता लगाया जा रहा है.
मालूम हो कि बिहरा थाना में बढ़ते अपराध से क्षेत्र के लोग काफी चिंतित होने लगे हैं. इससे पूर्व बैंक ऑफ इंडिया के आरण शाखा में लॉकर तक तोड़ने का प्रयास किया गया. इसमें बैंक पदाधिकारी द्वारा दो चोरों को खिड़की द्वारा घुसते हुए सीसीटीवी फुटेज दिया गया. लेकिन चार माह बाद भी चोर नहीं पकड़े गयाे. इस थाना क्षेत्र में दिन प्रतिदिन चोरी की घटना से लोग परेशान हैं. लेकिन बिहरा पुलिस द्वारा किसी भी मामले में एक भी चोर नहीं पकड़ा गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन