ग्रामीणों ने बसनही थानाध्यक्ष को बनाया बंधक

सोनवर्षाराज : बसनही थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अपराध व गुरुवार रात को गोआरी गांव निवासी वत्स कुमार झा पर अपराधियों द्वारा बाइक लूटने के लिए की गयी गोलीबारी से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह अतलखा-मौरा मुख्य मार्ग को बाधित कर दिया. बसनही थाना पुलिस के पहुंचने पर थानाध्यक्ष पवन कुमार पासवान को […]
सोनवर्षाराज : बसनही थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अपराध व गुरुवार रात को गोआरी गांव निवासी वत्स कुमार झा पर अपराधियों द्वारा बाइक लूटने के लिए की गयी गोलीबारी से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह अतलखा-मौरा मुख्य मार्ग को बाधित कर दिया. बसनही थाना पुलिस के पहुंचने पर थानाध्यक्ष पवन कुमार पासवान को सड़क के बीचों-बीच बैठा कर घंटों बंधक बनाये रखा.
घटना की सूचना पर सिमरी बख्तियारपुर के इंस्पेक्टर सत्यनारायण राय, सोनवर्षा थानाध्यक्ष इजहार आलम व जिला पार्षद अरुण यादव पहुंचे. अपराधियों पर प्राथमिकी दर्ज करने व 24 घंटे के अंदर अपराधियों को गिरफ्तार करने के आश्वासन पर थानाध्यक्ष की रिहाई करते हुए यातायात बहाल करवाया जा सका.
घटना के बाबत ग्रामीणों का कहना था कि पिछले एक हफ्ते से इस क्षेत्र में चोरी, लूट की घटना में वृद्धि होने के बावजूद बसनही थाना पुलिस अपराधियों पर कारवाई करने से बचती रही है. बीती रात गोआरी गांव निवासी वत्स कुमार झा उर्फ चमन झा अपनी बाइक से किसी काम से अपने चचेरे भाई के साथ बड़गांव जा रहे थे. इसी बीच रास्ते में मरिया गांव के करीब मरिया गांव निवासी आशीष यादव व राहुल यादव ने बाइक लूटने के इरादे से इन दोनों को गाली गलौज करते हुए रुकने को कहा. नहीं रुकने पर दो राउंड गोली चला दी. लेकिन दोनों बाइक सवार सकुशल भागने में सफल रहे.
घटना के बाद बसनही थाना को बार-बार सूचना दिये जाने के बावजूद बसनही पुलिस रात के दो बजे घटनास्थल पर पहुंची. तब तक अपराधी सुरक्षित जगह पर पनाह ले चुके थे. आरोपित अपराधियों की पहचान की पुष्टि झिटकिया गांव के चौकीदार घोलट पासवान द्वारा भी मौके पर ही की गयी. आरोपित आशीष यादव ने इससे पूर्व भी मरिया गांव में भूमि विवाद को लेकर बीरबल यादव को गोली मार कर घायल कर दिया था. साथ ही एक छेड़खानी मामले में मरिया गांव के प्रमोद यादव के एक गाय को गोली मार दी थी. दोनों ही मामले में आशीष व राहुल पूर्व से नामजद हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




