ePaper

जिले की 12 हजार महिलाओं के खातों में 10 हजार का हुआ अंतरण

Updated at : 28 Nov 2025 5:37 PM (IST)
विज्ञापन
जिले की 12 हजार महिलाओं के खातों में 10 हजार का हुआ अंतरण

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना जिले में लगातार प्रभावी सिद्ध हो रही है.

विज्ञापन

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण

सहरसा. महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना जिले में लगातार प्रभावी सिद्ध हो रही है. इसी क्रम में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जहां राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया. राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की 10 लाख लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में रोजगार के लिए 10-10 हजार रुपये की दर से कुल एक हजार करोड़ रुपये की राशि का प्रत्यक्ष अंतरण किया. यह पहल राज्य की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है. इससे पूर्व भी राज्य के विभिन्न चरणों में लगभग एक करोड़ 46 लाख महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये की दर से कुल 14,600 करोड़ रुपये की राशि का सीधे अंतरण किया जा चुका है. शुक्रवार को हुए कार्यक्रम के तहत जिले की 12 हजार महिलाओं के बैंक खातों में यह राशि स्थानांतरित की गयी. इससे पहले भी जिले में विभिन्न अवसरों पर कुल तीन लाख 72 हजार 438 महिलाओं के खातों में रोजगार के लिए 10-10 हजार रुपये की दर से लगभग 372 करोड़ 43 लाख 80 हजार रुपये की राशि का अंतरण किया जा चुका है. इस अंतरण को मिलाकर जिले में कुल तीन लाख 84 हजार 438 महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो चुका है.

भविष्य में दी जायेगी दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपेश कुमार, उप विकास आयुक्त संजय कुमार निराला, डीपीएम जीविका श्लोक कुमार सहित जिले के विभिन्न वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में दो सौ से अधिक जीविका दीदियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि योजना के तहत प्रारंभिक चरण में प्रत्येक लाभार्थी महिला को 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है. इसके बाद रोजगार की प्रगति एवं आवश्यकता के आकलन के अनुसार भविष्य में दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध करायी जायेगी. इस राशि का उद्देश्य महिलाओं को छोटे व्यवसाय, स्वरोजगार एवं आजीविका के नये अवसर उपलब्ध कराना है. इस मौके पर जिले के सभी 10 प्रखंड मुख्यालयों, 29 संकुल संघों एवं 1600 से अधिक ग्राम संगठनों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रोजेक्टर, टीवी एवं टैब जैसे डिजिटल माध्यमों से हजारों महिलाएं कार्यक्रम से जुड़ीं. जिले भर में कुल दो लाख 47 हजार 855 से अधिक महिलाओं ने इस कार्यक्रम में सहभागिता की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन