फुलप्रूफ प्लानिंग, पर फरार हो गये माफिया

Published at :26 Jan 2017 7:59 AM (IST)
विज्ञापन
फुलप्रूफ प्लानिंग, पर फरार हो गये माफिया

वरीय अधिकारियों व भारी पुलिस बलों की मौजूदगी में चला ऑपरेशन मानव शृंखला के बाद ही शुरू हुआ शराब बेचने के धंधे का विरोध बेदा में तस्करों व आम लोगों के बीच तीन दिनों से चल रहा था मामला सासाराम नगर : शराब तस्करों के खिलाफ आखिर आइजी नैयार हसनैन खां को उतरना पड़ा. आइजी […]

विज्ञापन
वरीय अधिकारियों व भारी पुलिस बलों की मौजूदगी में चला ऑपरेशन
मानव शृंखला के बाद ही शुरू हुआ शराब बेचने के धंधे का विरोध
बेदा में तस्करों व आम लोगों के बीच तीन दिनों से चल रहा था मामला
सासाराम नगर : शराब तस्करों के खिलाफ आखिर आइजी नैयार हसनैन खां को उतरना पड़ा. आइजी सड़क पर उतरे तो बेदा टोला पुलिस छावनी में बदल गया. इसके बाद डीएम ने अतिक्रमण को संभाला, तो डीआइजी व एसपी की उपस्थिति में पुलिस ने तस्करों के घरों को खंगालना शुरू कर दिया.
बुधवार को बेदा टोला में सुबह नौ बजे से ही अफरा-तफरी मच गयी. कई घरों के पुरुष सदस्य भाग निकले. पहले से चिह्नित शराब तस्करों के घर सील किये जाने लगे. घर-घर की तलाशी में चार महिलाओं की गिरफ्तारी हुई. कई घरों, अतिक्रमण कर बनी झोंपड़ियों व दुकानों को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया. गौरतलब है कि बेदा में तीन दिनों से दोनों पक्षों में विरोध चल रहा था़ शराबबंदी के समर्थन में मानव शृंखला से लोग उत्साहित थे.
सबसे पहले शराब बिक्री के विरोध में रविवार को महिलाओं, बच्चों व युवाओं ने आंदोलन छेड़ा. सैकड़ों लीटर शराब व जावा महुआ झोपड़ों से निकाल सड़क पर फेंक दिया. शराब तस्करों को यह कार्रवाई नागवार गुजरी, तो उन्होंने सोमवार को कुछ छात्राओं की पिटाई कर दी. इसके बाद मामला उग्र हो गया. मंगलवार को दोनों ओर से लाठी-डंडे व पत्थर बाजी हुई. दर्जन भर लोग जख्मी हुए. पुलिस व प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे. इसके बाद बुधवार को पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी.
कादीरगंज में भी पुलिस ने की कार्रवाई, पांच गिरफ्तार
बुधवार की शाम बेदा के बाद पुलिस टीम ने शराब तस्करी के लिए बदनाम कादीरगंज में कार्रवाई की. देर शाम तक विनोद गोंड सहित पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है. तस्करों के पास से 75 लीटर महुआ शराब व चालीस किलो जावा बरामद हुआ है. उत्पाद निरीक्षक रंजन प्रसाद ने बताया कि अभी कार्रवाई जारी है.
शनिवार को जब मानव शृंखला से लौटने पर बेदा के आस-पास के लोगों ने वहां शराब बिकते देखा, तो उनके अंदर की आत्मा चित्कार कर उठी. दूसरे दिन पुलिस व उत्पाद विभाग को कार्रवाई करने के लिए कई बार सूचना दी. उनके नहीं आने पर लोग सीधे कार्रवाई को विवश हो गये. कार्रवाई हुई, तो टकराव बढ़ा. उस दिन भी पुलिस व उत्पाद की टीम ने कार्रवाई का कोरम पूरा किया था. बुधवार को जब बड़े अफसर घटना स्थल पर कार्रवाई करने लगे तो लोगों ने कहा-पहले यह कार्रवाई हुई होती, तो इस तरह की घटना नहीं होती. अब हम किसी भी कीमत पर यहां शराब की बिक्री नहीं होने देंगे. चाहे इसके लिए पुलिस से ही क्यों न टकराना पड़े.
आकाशवाणी के सामने अतिक्रमण ध्वस्त
बेदा टोला के 16 घरों को पुलिस ने सील कर दिया. कई घर ऐसे थे, जहां पुरुष सदस्यों के नहीं रहने के कारण महिलाओं के लिए एक दो कमरे छोड़ अन्य को सील कर दिया गया. रेडियो स्टेशन व आकाशवाणी के सामने के अतिक्रमण को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया. पुलिस ने पिंकू कुमार, प्रेम चंद बिंद, मीना कुंवर, पारस बिंद, अर्जुन बिंद, फुलमति देवी, अखिलेश बिंद, सत्येंद्र बिंद, मंटू बिंद, लालमोहर बिंद, किशोरी बिंद व केदार बिंद, चंद्रावती देवी, सुरेंद्र बिंद, कृष्णा बिंद, मंटू बिंद व अजमेर बिंद का घर सील कर दिया है.
घायल लड़कियों की पिटाई की बात अफवाह
सोमवार को बेदा टोला में मारपीट की घटना हुई थी. इसमें तीन लड़कियां जख्मी हुई थी. तीनों का इलाज सदर अस्पताल में हुआ था. डीएम द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि तीनों घायल लड़कियों के पिटाई की बात अफवाह निकली. रोड़ेबाजी में ये लड़किया घायल हुई थीं. सीएस ने उन्हें गंभीर चोट नहीं होने की रिपोर्ट दी है. इन तीनों लड़कियों के घर से पहले शराब बरामद हो चुका है. ये तीनों लड़कियां शराब कारोबारियों के घर की है. इनके भी घरों को सील किया गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन