सामान मिला सस्ता, पर पीने का पानी व शौचालय की व्यवस्था नहीं
Updated at : 03 Jul 2019 7:58 AM (IST)
विज्ञापन

अकबरपुर : रोहतास प्रखंड के तुंबा से लेकर नौहट्टा प्रखंड के अंतिम छोर बलदूरियां तक का प्रमुख बाजार रोहतास अब भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है. 80 किलोमीटर के अंतराल में फैली आबादी का इकलौता बाजार रोहतास में शौचालय, सब्जी मंडी और व्यवसायियों के लिए कई तरह की असुविधा से जूझ रहा है. मुख्य बाजार […]
विज्ञापन
अकबरपुर : रोहतास प्रखंड के तुंबा से लेकर नौहट्टा प्रखंड के अंतिम छोर बलदूरियां तक का प्रमुख बाजार रोहतास अब भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है. 80 किलोमीटर के अंतराल में फैली आबादी का इकलौता बाजार रोहतास में शौचालय, सब्जी मंडी और व्यवसायियों के लिए कई तरह की असुविधा से जूझ रहा है.
मुख्य बाजार में ग्राहकों के लिए पानी की व्यवस्था और शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से व्यवसायी काफी चिंता व्यक्त करते हैं. जबकि, रोहतास बाजार में आज भी कुछ ऐसी चीजें हैं, जो काफी मशहूर है.
यहां पर सच्चन का तिलकुट, प्रसाद का बर्फी, नईम खान का जड़ी बूटी जैसे प्रसिद्ध दुकानों को लेकर अब भी दूर-दूर से लोग रोहतास बाजार को याद किया करते हैं. इनके सामान को विदेशों में भी लोग पसंद करते हैं और अपने परिजनों के लिए खरीद कर भेजा करते हैं. दुकानदारों की मानें तो साफ-सफाई की बहुत ज्यादा दिक्कतें हैं
और सप्ताह में एक बार मुख्य बाजार की सफाई करायी जाती है. जबकि, अंचल द्वारा बाजार का डाक भी पिछले 20 वर्षों से होता चला आ रहा है, मगर सरकार के ढीले रवैया से बाजार की साफ-सफाई में कोई ध्यान नहीं दिया जाता है. रोहतास बाजार एक ऐसा बाजार है, जो ग्राहकों को सस्ता सामान उपलब्ध कराता है. इससे शहर के ग्राहक रोहतास में ही आकर सामान लिया करते हैं. यहां हर रोज की बिक्री सभी दुकानों और बिजनेस को मिला कर करोड़ों में है.
बोले मुखिया
बाजार की सबसे बड़ी समस्या नाली थी, जिसे इसी वर्ष दूर कर दिया गया है. नाली को अंडरग्राउंड बना कर दुकानदारों के लिए काफी जगह अब बढ़ा दी गयी है और सब्जी वालों को भी अब ढलाई पर सब्जी लगा कर बेचने में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो रही है. शौचालय के लिए जहां तक मुद्दा है, उसके लिए सरकार द्वारा प्रयासरत हैं. सरकारी जमीन नहीं उपलब्ध होने के कारण शौचालय अब तक नहीं बन पाया है. लेकिन, चलंत शौचालय के लिए सरकार से मांग की गयी है. उम्मीद है जल्द ही इसे पूरा कर लिया जायेगा.
संतोष कुमार भोला, मुखिया
बोले सीओ
बाजार की समस्याओं को दूर करना सरकार का काम है और सरकार पूरी तरीके से प्रयासरत है कि शौचालय, साफ-सफाई में किसी तरह की कोई बाधा नहीं आये. अगर दुकानदारों को किसी तरह की कोई असुविधा है, तो सीधा संपर्क अधिकारी से करें. उस समस्याओं को जल्द से जल्द निबटा कर दूर कर दिया जायेगा.
विकास कुमार, अंचलाधिकारी
क्या कहते हैं दुकानदार
ग्राहकों के लिए सबसे बड़ा शौचालय मुद्दा है. इसकी सुविधा होनी चाहिए जो कि नहीं है. इससे बच्चे व महिलाओं को शौच के लिए काफी परेशानी हो जाती है. यह समस्या वर्षों से चला आ रहा है. दुकानदारों द्वारा अथक प्रयास किया गया. मगर प्रतिनिधि से लेकर अधिकारी तक इस पर कभी कोई ध्यान नहीं दिया.
प्रीतम कुमार गौतम, रेडीमेड दुकानदार
बाजार में ग्राहकों के लिए पानी की सुविधा अति आवश्यक है. छोटी जगह है आबादी बढ़ती जा रही है और बाजार का जगह घटता ही जा रहा है. पहाड़ से लेकर नौहट्ट बॉर्डर तक के ग्राहक आया करते हैं और अपनी जरूरत के हिसाब से खरीदारी किया करते हैं. सरकार द्वारा पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए, जो लोग अपनी अपनी गाड़ी से आते हैं है. सुविधा देने की बात हो.
अनिल कुमार, साड़ी दुकानदार
बाजार में बाप-दादा से दुकान को चलाते हुए मैंने इतना दिनों में यही देखा कि जो कच्चे जमीन पर सब्जी बिका करती थी और नालियां अगल-बगल से भर कर सब्जी के बगल से जाया करती थी. वह परेशानी अब दूर हो गयी है. इससे सब्जी दुकानदार को अब सभी जमीन में पक्का पर लगाने की सूरत हो गयी है और ग्राहकों को भी सब्जी वगैरह लेने में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आ रही है.
सादिक खान, स्टेशनरी दुकानदार
बाजार के साथ-साथ अब ज्यादा दुकान सड़क पर भी हो गयी है, जिसकी वजह से सड़क पर भी चहल-पहल ज्यादा हो गयी है और यहां दूर-दूर से लोग खरीदारी के लिए आते हैं. यहां के मार्केट की एक खासियत है कि कोई भी सामान प्रिंट रेट से कम में ही दी जाती है. कहीं और मिलना मुश्किल है.
गुलाम सरवर, जूता दुकानदार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




