औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत, एक घायल

औरंगाबाद के दिहुली मोड़ के पास दो बाइक की आमने -सामने टक्कर हो गई. इस हादसे में दो बाइक सवार की मृत्यु हो गई वहीं एक व्यक्ति अभी घायल अवस्था में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है. घायल को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.
औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के शिवगंज पथ के दिहुली मोड़ के बाबाजी के कुटिया के समीप दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव निवासी प्रमोद लाल के 21 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार तथा घायल की पहचान उसी गांव के सीताराम साव के पुत्र नीरज कुमार के रूप में की गई है वहीं दूसरे मृतक की पहचान बारुण थाना क्षेत्र के हवसपुर निवासी रामा शंकर चंद्रवंशी के पुत्र दीपक कुमार के रूप में की गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार नीतीश अपने मित्र के साथ बाइक से शिवगंज की तरफ जा रहा था और दीपक अपने गांव हवसपुर से रफीगंज थाना क्षेत्र के चेइं गांव में बारात में शामिल होने जा रहा था. इसी दौरान दिहुली मोड़ के समीप बाबा जी कुटिया के पास दोनों बाइक की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हुई और तीनों सड़क पर घायल होकर तड़प रहे थे. तभी तेलडीहा गांव निवासी निखिल कुमार सिंह ने जो एक शादी समारोह से लौट रहे थे उन्होंने ग्रामीणों की मदद से सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया.
वहीं चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद नीतीश और नीरज की हालत को गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. परिजन नीरज को लेकर गया के मगध मेडिकल अस्पताल गए और नीतीश को लेकर जमुहार जा रहे थे लेकिन बारुण पहुंचते-पहुंचते नीतीश ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद नगर थाना की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद से परिजनों पर दुखो का पहाड़ टूटा हुआ है.
Also Read: Bihar Monsoon Update: बिहार में इस वर्ष सामान्य से कम होगी बारिश, जानिए मॉनसून कब देगा दस्तक
इधर घटना के सम्बंध में परिजनों से पता चला कि दीपक की पत्नी समेत पूरा परिवार पश्चिम बंगाल के आसनसोल में भांजे की शादी समारोह में गए हुए थे. लेकिन जैसे ही परिजनों को मौत की खबर मिली वैसे ही शादी का माहौल मातम में बदल गया. परिजन आनन फानन में वहां से घर के लिए रवाना हो गए. दीपक की शादी वर्ष 2018 में ओबरा थाना क्षेत्र के चपरा गांव में हुई थी. दीपक को एक 4 साल की बेटी व दो साल का एक बेटा है. वहीं दीपक नेशनल हाईवे में रोड निर्माण में मजदूरी करता था और उसी से परिवार का भरण पोषण करता था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




