Raxaul Border Smuggling: रक्सौल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 3.5 क्विंटल गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

रक्सौल बॉर्डर पर जब्त गांजा, फोटो- प्रभात खबर

Raxaul Border Smuggling: रक्सौल बॉर्डर पर हरैया थाना पुलिस ने नेपाल से आ रहे ट्रक से 3.5 क्विंटल गांजा बरामद किया है. तस्करों ने गांजा गुप्त तहखाने में छिपा रखा था. एक चालक गिरफ्तार हुआ है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

Raxaul Border Smuggling: मोतिहारी जिले के रक्सौल बॉर्डर पर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3.5 क्विंटल गांजा बरामद किया है. हरैया थाना पुलिस ने नेपाल से आ रहे एक ट्रक को जांच के दौरान पकड़ा, जिसमें विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने में गांजे की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

नेपाल से छपरा भेजी जा रही थी गांजे की खेप

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप नेपाल से बिहार के रास्ते छपरा भेजी जा रही थी. गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रक्सौल बॉर्डर पर वाहनों की सघन जांच शुरू की थी. इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें तस्करों की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ.

ट्रक में बनाया गया था गुप्त चैंबर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तस्करों ने ट्रक के भीतर विशेष तरीके से गुप्त तहखाना तैयार किया था ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो. लेकिन सूचना के आधार पर की गई बारीकी से जांच में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद कर लिया गया.

बरामद गांजे का कुल वजन करीब 3.5 क्विंटल बताया जा रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है.

मुजफ्फरपुर का चालक गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार चालक मुजफ्फरपुर का रहने वाला बताया जा रहा है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजे की खेप किसके लिए भेजी जा रही थी और इस तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं.

जांच एजेंसियां ट्रक के मालिक, खेप के रिसीवर और पूरे सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी हैं.

सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

नेपाल सीमा से सटे इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई है. हाल के दिनों में पुलिस और अन्य एजेंसियों ने कई बड़े ऑपरेशन चलाकर तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई की है.

रक्सौल बॉर्डर पर हुई इस कार्रवाई को भी पुलिस बड़ी सफलता मान रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी.

पुलिस जुटी जांच में

हरैया थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. बरामद गांजे को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा और मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन