सजने लगी पूर्णिया के चुनावी कुरूक्षेत्र के मैदान में राजनीतिक पार्टियों की सेना

नयी पिच पर अधिकांश पुराने खिलाड़ी
बिछने लगी सियासत की विसात, नयी पिच पर अधिकांश पुराने खिलाड़ी
छठ के बाद जोर पकड़ेगा चुनाव प्रचार, स्टार प्रचारकों की बन रही सूची
पूर्णिया. नाम वापसी के बाद जिले की सभी सात सीटों पर विभिन्न दलों के प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होते ही पूर्णिया के चुनावी कुरूक्षेत्र के मैदान में राजनीतिक पार्टियों की सेना अब सजने लगी हैं. पूर्णिया के चुनावी समर में सियासत की विसात बिछायी जाने लगी है. शह और मात के लिए सियासतदारों ने दांव-पेंच भी शुरू कर दिये हैं. इस बार भी चुनाव की नयी पिच पर एक-दो जगह छोड़कर अधिकांश सीटों पर अधिकांश पुराने ही खिलाड़ी मैदान में हैं. यह अलग बात है कि कई सीटों पर बागी उम्मीदवार चुनाव अखाड़े में ताल ठोकने को तैयार हैं. ऐसे में भितरघात का खतरा भी अभी से मंडराने लगा है. हालांकि लोकआस्था से जुड़ा महापर्व छठ की वजह से अभी प्रचार का शोर जोर नहीं पकड़ा है लेकिन छठ के बाद स्टार प्रचारकों का चुनावी दौरा शुरू हो जायेगा. पूर्णिया की सात विधानसभा सीटों के लिए राजद और राजग गठबंधन के प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो गयी है. सात सीटों में से एनडीए और इंडिया गठबंधन चार-चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि एआइएमआइएम दो और जनसुराज सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है. राजद धमदाहा और रूपौली, भाजपा पूर्णिया सदर और बनमनखी (सु.), कांग्रेस कसबा और अमौर,जदयू धमदाहा और अमौर और एआइएमआइएम अमौर और बायसी सीट पर चुनाव लड़ रही है. जबकि जनसुराज सभी सात सीटों पर प्रत्याशियों को उतारा है. पूर्णिया सदर सीट पर भाजपा से विजय खेमका तीसरी बार मैदान में हैं जबकि कांग्रेस ने जितेंद्र यादव को मैदान में उतारा है.जितेंद्र महापौर विभा कुमारी के पति हैं और पूर्णिया की राजनीति में कई वर्षों से सक्रिय हैं. जनसुराज से संतोष कुमार सिंह चुनावी मैदान में हैं.इस सीट से कुल 09 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं.कसबा सीट पर कांग्रेस ने चार बार के विधायक आफाक आलम का पत्ता काटकर इसबार इरफान आलम पर अपना विश्वास जताया है जबकि एनडीए गठबंधन के तहत लोजपा ने व्यवसाय से राजनीति में आये नीतेश सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है. इस सीट से कई बागी उम्मीदवार भी चुनावी अखाड़े में ताल ठोकने को बेताब हैं. 2020 के चुनाव में इस सीट से जीते आफाक आलम, दूसरे स्थान पर रहे प्रदीप दास और तीसरे स्थान पर राजेंद्र यादव भी निर्दलीय चुनाव मैदान डटे हुए हैं. जनसुराज से मो. इत्तेफाक आलम और आम आदमी पार्टी से भानु भारतीय भी चुनाव मैदान में हैं.
धमदाहा सीट से बिहार सरकार के मंत्री लेशी सिंह के खिलाफ इसबार राजद ने पूर्व सांसद संतोष कुमार कुशवाहा को मैदान में उतारा है. संतोष हाल ही में जदयू से राजद में शामिल हुए हैं. इनके चुनाव मैदान में उतर जाने से धमदाहा में मुकाबला रोचक हो गया है. लेशी सिंह इस सीट से लगातार पांच बार से विधायक हैं. इससे पहले उन्होने 2000, 2005, 2010, 2015 और 2020 में विजय हासिल की थी. इस सीट से जनसुराज ने राकेश कुमार उर्फ बंटी यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है. बनमनखी सुरक्षित सीट से विधायक कृष्ण कुमार ऋषि के खिलाफ राजद ने देव नारायण रजक को उतारा है. देवनारायण एक बार इस क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं. रूपौली में निर्दलीय विधायक शंकर सिंह के खिलाफ राजद ने बीमा भारती को प्रत्याशी बनाया है. जदयू ने कलाधर मंडल और जनसुराज ने आमोद मंडल को अपना प्रत्याशी बनाया है. बायसी सीट से राजद ने पार्टी के सबसे पुराने खिलाड़ी हाजी अब्दुस सुबहान पर एकबार फिर विश्वास जताया है. श्री सुबहान इस सीट से आठवीं बार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. जबकि भाजपा ने युवा नेता बिनोद यादव को मैदान में उतारा है. श्री यादव पिछलीबार भी चुनाव लड़े थे और दूसरे स्थान पर रहे थे. इस सीट से एआइएमआइएम से गुलाम सरवर और जन सुराज से मो. शाहनवाज आलम समेत कुल सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं.अमौर सीट से एआइएमआइएम के विधायक अख्तरूल इमान के खिलाफ कांग्रेस ने जलील मस्तान को मैदान में उतारा है जबकि जदयू ने सबा जफर को टिकट दिया है. जनसुराज से अफरोज आलम , आप से मो. मुंतजिर आलम, और बहुजन समाज पार्टी से लक्ष्मी कुमारी भी चुनाव मैदान में हैं. …………………….
विधानसभा वार प्रत्याशियों की संख्या56 अमौर – 0957 बासयी- 0758 कसबा- 13
59 बनमनखी-0560 रूपौल-15
61 धमदाहा- 1162 पूर्णिया-09
……………..कुल – 69डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




