Purniya News : पूर्णिया लाइन बाजार में बाइक चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, भीड़ ने की पिटाई, पुलिस ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया
अस्पताल में चल रहा है घायल युवक का इलाज.
पूर्णिया के व्यस्त लाइन बाजार इलाके में बाइक चोरी की कोशिश कर रहे एक युवक को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और युवक की जमकर पिटाई कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ के चंगुल से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया.
पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट
Purniya News : शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल लाइन बाजार स्थित बिहार टॉकीज मोड़ के समीप शुक्रवार देर शाम बाइक चोरी के प्रयास के दौरान एक युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. चोरी की भनक लगते ही मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी. भीड़ ने लात-घूंसों से उसकी इतनी पिटाई की कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही फणीश्वर नाथ रेणु टीओपी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से मुक्त कर अस्पताल पहुंचाया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी युवक काफी देर से बिहार टॉकीज मोड़ के पास खड़ी एक बाइक के आसपास संदिग्ध गतिविधियां कर रहा था. कुछ लोगों को उसकी हरकत पर शक हुआ तो उन्होंने उस पर नजर रखनी शुरू कर दी. इसी दौरान युवक कथित तौर पर बाइक चोरी करने का प्रयास करने लगा. लोगों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया. पकड़े जाने के बाद उसने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने दौड़ाकर उसे दबोच लिया.
पुलिस ने भीड़ के आक्रोश से बचाया, पहुंचाया अस्पताल
इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और भीड़ ने युवक की पिटाई शुरू कर दी. कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही फणीश्वर नाथ रेणु टीओपी प्रभारी राजनंदिनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, पूर्णिया भेज दिया.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायल युवक की हालत को देखते हुए उसे डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती कराया गया है. फिलहाल उसकी पहचान स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह किसी संगठित बाइक चोरी गिरोह से जुड़ा है या अकेले वारदात को अंजाम देने आया था. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं पुलिस ने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने की स्थिति में उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
ALSO READ : उत्तर बिहार में झमाझम बारिश, दक्षिण के कई जिले अब भी प्यासे, 18 जिलों में 50% से ज्यादा कमी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










