चलती बाइक से खींचकर वार्ड सदस्य के भाइयों पर फरसे से जानलेवा हमला, बचाने पहुंचे तीन रिश्तेदार भी घायल
Purnia Crime News: पूर्णिया के चंपानगर में वार्ड सदस्य के भाइयों को कथित तौर पर चलती बाइक से खींचकर फरसे से हमला किया गया. बीच-बचाव करने पहुंचे तीन रिश्तेदार भी घायल हो गए. पांच घायलों में दो का इलाज जीएमसीएच पूर्णिया में चल रहा है.
पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट
Purnia Crime News: पूर्णिया के चंपानगर क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. घायलों की पहचान सगे भाई मो. इब्राहिम और मो. मोजाहिद के रूप में हुई है. दोनों का इलाज राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया में चल रहा है. वहीं मो. साजिद, मो. इकराम और मो. रिजवान का उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है.
चलती बाइक से खींचकर किया हमला
घायलों के परिजनों के अनुसार, वार्ड सदस्य के चचेरे भाई किसी काम से बाइक पर जा रहे थे. इसी दौरान गांव के ही मो. शकील और उसके बेटे ने कथित तौर पर रास्ते में उन्हें रोक लिया. आरोप है कि दोनों को जबरन बाइक से नीचे खींच लिया गया और धारदार फरसे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया.
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों की मंशा दोनों भाइयों की हत्या करने की थी. अचानक हुए हमले से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
बीच-बचाव करने पहुंचे रिश्तेदारों पर भी हमला
घटना के दौरान शोर सुनकर जब तीन अन्य रिश्तेदार बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों और फरसे से हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प में कुल पांच लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मो. इब्राहिम और मो. मोजाहिद को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है.
इलाज के बाद दर्ज कराई जाएगी शिकायत
घायलों के परिजनों ने बताया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान घायलों के इलाज पर है. उन्होंने कहा कि अभी तक थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है. इलाज के बाद पुलिस में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस को मामले की सूचना मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










