पूर्णिया में सड़क हादसों का कहर: दो युवकों की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल
अस्पताल में घायलों की तस्वीर
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए भीषण सड़क हादसों ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए, जबकि पांच लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। रफ़्तार और लापरवाही के इस तांडव से पूरे जिले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है
Purnia Accident : विकास वर्मा की रिपोर्ट
जिले के लिए मंगलवार की शाम हादसों की शाम साबित हुई. जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए भीषण सड़क हादसों ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए, जबकि पांच लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं. रफ़्तार और लापरवाही के इस तांडव से पूरे जिले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.हादसे की पहली हृदयविदारक तस्वीर बीकोठी थाना क्षेत्र के बटराहा से आई. यहाँ 9 साल का मासूम मुनिफ अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी एक बेकाबू बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा काफी दूर जा गिरा. आनन-फानन में बाइक सवार ने ही परिजनों के साथ मिलकर उसे जीएमसीएच (GMCH) पहुँचाया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. डॉक्टरों के मृत घोषित करते ही आरोपी बाइक चालक अस्पताल की भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया.
दूसरी ओर, मीरगंज थाना क्षेत्र मो. जब्बार के पंद्रह वर्षीय पुत्र साजिद अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया. मृतक के भाई मो. सकलेन ने बताया कि उन्हें घटना कैसे हुई इसकी सटीक जानकारी नहीं है, पुलिस ने लहूलुहान हालत में साजिद को अस्पताल पहुँचाया था, जहाँ उसने दम तोड़ दिया. जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई.
तबाही का सिलसिला यहीं नहीं थमा. डगरुआ थाना क्षेत्र के बाँधपुल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवारों को पीछे से कुचल दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला. इस हादसे में बाइक पर सवार साबरीन खातून, रिहाना परवीन और अली हसन सड़क पर गिरकर तड़पने लगे. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल भर्ती कराया गया, जहाँ साबरीन और रिहाना की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है. इनके अलावा दो अन्य अज्ञात लोग भी इन हादसों में घायल हुए हैं.
वर्तमान में सभी घायलों का इलाज पूर्णिया के जीएमसीएच में चल रहा है. अस्पताल परिसर परिजनों के करुण क्रंदन से गूँज रहा है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालकों की तलाश के लिए नाकेबंदी शुरू कर दी है, लेकिन इन हादसों ने एक बार फिर जिले की सड़कों पर सुरक्षा और रफ़्तार पर नियंत्रण के दावों की पोल खोल दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










