पूर्णिया में मॉडल विद्यालय व डिग्री कॉलेजों में जल्द शुरू होगी पढ़ाई

Published by : ARUN KUMAR Updated At : 11 Jun 2026 7:05 PM

विज्ञापन

पूर्णिया जिले के मॉडल विद्यालयों और नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जिलाधिकारी ने सभी स्कूलों और महाविद्यालयों में बेंच-डेस्क, फर्नीचर और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने और शिक्षण कार्य नियमित रूप से शुरू करने के निर्देश दिए.

विज्ञापन

डीएम ने विद्यालयों और महाविद्यालयों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया निर्देश

पूर्णिया. जिले के सभी मॉडल विद्यालयों एवं नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन को लेकर गुरुवार को महानंदा सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी.बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने की.

नवाचार आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना उद्देश्य

बैठक में डीएम ने बताया कि बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत ”उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य” योजना के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों में एक-एक मॉडल विद्यालय स्थापित किया गया है. इन विद्यालयों का उद्देश्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं नवाचार आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है. उन्होंने बताया कि इसी योजना के तहत जिले के छह प्रखंडों में नये डिग्री महाविद्यालयों की स्थापना भी की गई है. आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इन महाविद्यालयों में 1 जुलाई 2026 से पठन-पाठन शुरू किया जाना है.

स्कूलों और काॅलेजों में उपलब्ध करायें बेंच-डेस्क

जिलाधिकारी ने संबंधित प्रधानाचार्यों, वरीय पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों तथा भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में बेंच-डेस्क, फर्नीचर, उपस्कर समेत सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जायें. उन्होंने बेहतर समन्वय स्थापित कर तय समय सीमा के भीतर शिक्षण कार्य शुरू कराने पर जोर दिया. साथ ही पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित मानकों एवं शर्तों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा नियमित पर्यवेक्षण करने का भी निर्देश दिया गया. मॉडल विद्यालयों और डिग्री महाविद्यालयों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप भूमि उपलब्ध कराने के लिए संबंधित सीओ, डीसीएलआर एवं अन्य अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे. वहीं अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए.

विज्ञापन
ARUN KUMAR

लेखक के बारे में

By ARUN KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन