पूर्णिया में बक्सा घाट फुटबॉल क्लब की शानदार जीत, फलका को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल मुकाबला जीता

विज्ञापन

खेल का प्रदर्शन करते खिलाड़ी | Prabhat Khabar Network

43वें फुटबॉल चैंपियनशिप के रोमांचक सेमीफाइनल में फुटबॉल क्लब बक्सा घाट, पूर्णिया ने सारजोम बागान एफसी फलका, कटिहार को 2-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की. दूसरे हाफ में बक्सा घाट के टैना हेमब्रम और श्याम सोरेन ने गोल किए.

विज्ञापन

Purnia News: झील टोला बाघमारा के फुटबॉल मैदान में खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में फुटबॉल क्लब बक्सा घाट, पूर्णिया ने सारजोम बागान एफसी फलका, कटिहार को 2-0 से हराकर फाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया. दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी प्रतिस्पर्धी रहा, लेकिन दूसरे हाफ में बक्सा घाट के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया.

43वें फुटबॉल चैंपियनशिप में सेमीफाइनल का रोमांच

पूर्णिया प्रमंडल आदिवासी छात्र एवं युवा समिति की ओर से आयोजित 15 दिवसीय 43वें फुटबॉल चैंपियनशिप एवं अन्य खेलकूद प्रतियोगिता के तहत यह सेमीफाइनल मुकाबला स्थानीय झील टोला बाघमारा स्थित फुटबॉल मैदान में खेला गया.

मैच में सारजोम बागान एफसी फलका, कटिहार और फुटबॉल क्लब बक्सा घाट, पूर्णिया आमने-सामने थे. पहले हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी.

इंटरवल के बाद बदला मैच का रुख

दूसरे हाफ में फुटबॉल क्लब बक्सा घाट ने अपनी रणनीति बदलते हुए लगातार दबाव बनाया. इंटरवल के बाद 18वें मिनट में टीम के खिलाड़ी टैना हेमब्रम ने जर्सी नंबर 15 के साथ पहला गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई.

इसके बाद 38वें मिनट में श्याम सोरेन ने जर्सी नंबर 07 के साथ दूसरा गोल कर मुकाबले को लगभग एकतरफा बना दिया. सारजोम बागान एफसी फलका ने वापसी की कोशिश की, लेकिन बक्सा घाट की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने एक भी गोल नहीं कर सकी.

टैना हेमब्रम को मिला मैन ऑफ द मैच

मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए टैना हेमब्रम को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. आयोजन समिति के संयोजक मायाराम उरांव ने उन्हें मेमेंटो देकर सम्मानित किया.

उनके पहले गोल ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई.

निर्णायकों और आयोजन समिति की रही अहम भूमिका

मुकाबले के दौरान मुख्य निर्णायक की भूमिका राजेश मुर्मू, हर्षित आनंद, राहुल तिर्की, रजनीश कुमार पांडेय, उपेंद्र बेसरा, अमित लकड़ा और अरुण मरांडी ने निभाई.

मैदान पर मेडिकल किट के साथ रजत मौजूद रहे, जबकि शुभम आनंद, देव लाल और प्रबीन हेमब्रम ने कॉमेंट्री के माध्यम से दर्शकों को मैच का आंखों देखा हाल सुनाया.

फोटो कवरेज विष्णु सोरेन, फ्रांशिश और जैकस ने किया.

बड़ी संख्या में पहुंचे फुटबॉल प्रेमी

मैच के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय फुटबॉल प्रेमी और गणमान्य लोग मैदान में मौजूद रहे. मुख्य अतिथि के रूप में समीर मुर्मू, सिल्वरियस कुजूर, केडी. हेमब्रम, नंदलाल बेसरा, मुकेश बड़ा और योगेंद्र उरांव उपस्थित थे.

आयोजन को सफल बनाने में संयोजक मायाराम उरांव, सह संयोजक हरी कुजूर, अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार उरांव, उपाध्यक्ष विक्रम तिर्की और रविशंकर हेम्ब्रम, महासचिव नवीन लकड़ा, सचिव रावण उरांव, संयुक्त सचिव अजय उरांव और उपेंद्र बेसरा सहित पूरी आयोजन समिति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Purnia News: आज होगा दूसरा सेमीफाइनल

चैंपियनशिप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में गरगरी आदिवासी क्लब हरिशचंद्रपुर, पश्चिम बंगाल और सरना फुटबॉल क्लब पूर्णिया के बीच मैच खेला जाएगा. इस मुकाबले के बाद टूर्नामेंट के फाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी.

Also Read: बिहार : स्कूल बढ़े पर 38.5% स्टूडेंट ही 12वीं तक पहुंचे, पढ़ाई छोड़कर कहां जा रहे हैं बच्चे?

Also Read: वाघा बॉर्डर की तर्ज पर पूर्णिया में आज रात 12:01 बजे फहरेगा तिरंगा, पढ़ें 1947 से चली आ रही इस अद्भुत परंपरा का इतिहास


विज्ञापन
सत्येन्द्र सिन्हा गोपी

लेखक के बारे में

By सत्येन्द्र सिन्हा गोपी

सत्येन्द्र सिन्हा गोपी प्रिंट माध्यम में 25 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. आकाशवाणी एवं दूरदर्शन समाचार से पत्रकारिता की शुरुआत की. नाटक, कला संस्कृति, गीत संगीत, कृषि व मेडिकल क्षेत्र में विशेष अभिरुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन