गुलाबबाग मंडी में मक्का की चमक बरकरार, 2080 रुपये क्विंटल तक पहुंचा भाव, किसानों को मिला फायदा

सांकेतिक तस्वीर
Purnea Mandi मक्का की तेज आवक के बावजूद नहीं टूटी कीमत. गुलाबबाग मंडी में तीसरे दिन भी किसानों को मिला बेहतर भाव, खरीदारी को लेकर कारोबारियों में दिखी प्रतिस्पर्धा.
पूर्णिया से अखिलेश चंद्रा की रिपोर्ट.
Purnea Mandi : बिहार की सबसे बड़ी कृषि मंडियों में शामिल गुलाबबाग मंडी में बुधवार को भी मक्का बाजार की गरमाहट बरकरार रही. मंडी में सुपर क्वालिटी मक्का की आवक तेज रही, लेकिन इसके बावजूद कीमतों में कोई गिरावट नहीं आई. किसानों को 2050 से 2080 रुपये प्रति क्विंटल तक का भाव मिला, जिससे उन्हें बेहतर मुनाफे की उम्मीद जगी है.
आवक बढ़ी, फिर भी नहीं टूटा भाव
गुलाबबाग मंडी में लगातार तीसरे दिन अच्छी गुणवत्ता वाले सूखे मक्का की बड़ी खेप पहुंची. मौसम अनुकूल रहने के कारण किसानों ने बड़ी मात्रा में अपनी उपज मंडी में बेची. सामान्य तौर पर आवक बढ़ने पर कीमतों पर दबाव बनता है, लेकिन इस बार स्थिति अलग रही.
व्यापारियों के अनुसार मंगलवार को मक्का के भाव में 10 से 20 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई थी और बुधवार को भी वही दर कायम रही. अच्छी गुणवत्ता वाले मक्का का औसत भाव 2050 से 2080 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया.
खरीदारी को लेकर बढ़ी प्रतिस्पर्धा
मंडी में मक्का की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है. यही कारण है कि कारोबारियों के बीच खरीदारी को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है. सुबह से ही मंडी में चहल-पहल देखने को मिली और खरीद-बिक्री का सिलसिला पूरे दिन जारी रहा.
व्यापारियों का कहना है कि मक्का की गुणवत्ता अच्छी होने के कारण खरीदार सक्रिय बने हुए हैं. इसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है.
अन्य जिंसों का बाजार रहा स्थिर
मक्का के अलावा अधिकांश खाद्यान्न, दलहन और तिलहन की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया. गेहूं, चावल, दाल और सरसों के भाव सामान्य बने रहे. कारोबारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में मौसम और आवक के आधार पर बाजार की दिशा तय होगी.
बुधवार को गुलाबबाग मंडी में मक्का का अधिकतम भाव 2080 रुपये और न्यूनतम भाव 1870 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. गेहूं 2470 से 2650 रुपये, मंसूरी चावल 3250 से 3400 रुपये और अरहर दाल 10600 से 14500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिकी. वहीं सरसों तेल (15 लीटर) का भाव 2070 से 2470 रुपये तक रहा.
कुल मिलाकर गुलाबबाग मंडी में मक्का की मजबूत मांग और स्थिर कीमतों ने किसानों के चेहरे पर राहत की मुस्कान ला दी है. यदि मौसम अनुकूल रहा और मांग बनी रही तो आने वाले दिनों में मक्का बाजार में और तेजी देखने को मिल सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










