हर वार्ड में एक विद्यालय को ‘मॉडल स्कूल’ के रूप में किया जाएगा विकसित

सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
महापौर की अध्यक्षता में हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लिया गया निर्णय सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करें: विभा कुमारी पूर्णिया. नगर निगम सभागार में मंगलवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई. बैठक में उप नगर आयुक्त एवं पदेन सदस्यों की उपस्थिति में पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि की गई तथा पूर्व में लिए गए निर्णयों और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक के दौरान महापौर विभा कुमारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नगर विकास से जुड़ी सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. उन्होंने कार्यों में लापरवाही पर सख्ती बरतने और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया. बैठक में शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से एक अहम निर्णय लेते हुए नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में एक हाई स्कूल या मिडिल स्कूल को ‘मॉडल स्कूल’के रूप में विकसित करने की योजना बनायी गयी. इन विद्यालयों में नगर निगम द्वारा पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे, जहां छात्रों के लिए प्रतियोगिता परीक्षाओं, सामान्य ज्ञान तथा अन्य उपयोगी विषयों की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी. साथ ही बुजुर्गों के लिए आध्यात्मिक एवं धार्मिक पुस्तकों की भी व्यवस्था की जाएगी. इसके लिए विद्यालयों में एक कमरे का चयन कर प्रशासन से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाएगा. नगर निगम के इन निर्णयों से स्पष्ट है कि शहर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार तथा शिक्षा और जन सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है, जिससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा. बैठक में शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई जनोपयोगी निर्णय लिए गये. दूर-दराज के क्षेत्रों से बाजार आने वाली महिलाओं एवं राहगीरों की समस्याओं को देखते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर 10 पिंक टॉयलेट और 10 सार्वजनिक शौचालय के निर्माण का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया. वहीं, बढ़ती गर्मी और तेज धूप को देखते हुए लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया. सशक्त स्थायी समिति ने इन सभी योजनाओं को मंजूरी देते हुए यह भी तय किया कि पिंक टॉयलेट और वाटर एटीएम की निविदा रख-रखाव (मेंटेनेंस) सहित की जाएगी, ताकि उनकी नियमित देखरेख सुनिश्चित हो सके. पिंक टॉयलेट एवं सार्वजनिक शौचालय के लिए खीरू चौक, बस स्टैंड, फूड पार्क, आरएन साह चौक, ब्लॉक कैंपस, बिहार टॉकीज रोड, खुश्कीबाग हटिया, मधुबनी हटिया, कोर्ट कैंपस, जनता चौक, डीएम कैंपस, गिरजा चौक एवं डीएवी चौक जैसे प्रमुख स्थानों का चयन किया गया है. वहीं, वाटर एटीएम के लिए कोर्ट कैंपस और बस स्टैंड में दो-दो इकाइयों के साथ-साथ फूड पार्क, काली मंदिर सिटी, डीएम कैंपस, नगर निगम परिसर, कटिहार मोड़, जीएमसीएच लाइन बाजार, मार्केटिंग गेट गुलाबबाग, प्रखंड कैंपस, पूरण देवी मंदिर कैंपस, चिमनी बाजार मदरसा, रिजवान मस्जिद, छोटी मस्जिद, कालीबाड़ी चौक, पंचमुखी मंदिर बेलौरी चौक, खजांची मस्जिद, खुश्कीबाग पुल के पास, आरएन साह चौक, सनौली चौक, मधुबनी हनुमान मंदिर, डीएवी चौक एवं मरंगा मंदिर सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को शामिल किया गया है. बैठक में उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, सशक्त स्थायी समिति की पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, मुर्शीदा खातून, स्वपन घोष, प्रदीप जायसवाल, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, प्रधान सहायक उमेश यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




