कस्तूरबा विद्यालय में माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता सत्र, किशोरियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 05 Jun 2026 5:50 PM
विज्ञापन
किशोरियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
विज्ञापन
पूर्णिया के बीकोठी से रिपोर्ट :
बीकोठी. राज्य स्वास्थ्य समिति पटना के निर्देशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हराकोठी की ओर से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बड़हराकोठी में मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता सत्र, स्वास्थ्य जांच शिविर एवं परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड स्वास्थ्य उत्प्रेरक रंजीत कुमार ने किया. इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आरबीएसके टीम एवं चिकित्सकों ने किशोरियों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं. कार्यक्रम में छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, स्वच्छता के महत्व तथा संतुलित आहार के बारे में विस्तार से बताया गया.माहवारी एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया
प्रखंड स्वास्थ्य उत्प्रेरक रंजीत कुमार ने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है, लेकिन समाज में इससे जुड़े कई मिथक और भ्रांतियां आज भी प्रचलित हैं. इन भ्रांतियों को दूर कर किशोरियों को सही जानकारी उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने छात्राओं को स्वच्छ सेनेटरी नेपकिन के नियमित उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा समय-समय पर साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के दौरान किशोरियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी दिया गया. छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों से अपने प्रश्न पूछे और विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं. विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम किशोरियों के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और स्वच्छ जीवनशैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. कार्यक्रम के सफल आयोजन से छात्राओं में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी और उन्हें स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त हुई.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










