जीएमसीएच में रक्त विकार से पीड़ित मरीज के उपचार की सुविधा हुई शुरू
पूर्णिया. राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में अब रक्त विकार से संबंधित मरीजों के लिए भी उपचार की सुविधा शुरू हो गई है. इसके तहत पटना स्थित जयप्रभा मेदांता के हेमेटोलॉजिस्ट डॉ. प्रवीण कुमार झा प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को जीएमसीएच के शिशु रोग विभाग की ओपीडी में मरीजों का इलाज करेंगे. इस सेवा से कोसी और सीमांचल क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा.
मेदांता पटना के हेमेटोलॉजिस्ट डॉ प्रवीण देंगे हर माह अपनी सेवा
पूर्णिया. राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में अब रक्त विकार से सम्बंधित मरीजों के लिए भी उपचार की व्यवस्था शुरू हो गयी है. इस व्यवस्था के तहत पटना स्थित जयप्रभा मेदांता के हेमेटोलॉजिस्ट एवं हेमेटोओंकोलॉजिस्ट डॉ प्रवीण कुमार झा अब पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में रक्त विकार से सम्बंधित मरीजों को अपनी सेवा देंगे. हालांकि फिलहाल जीएमसीएच में उनकी यह सेवा प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को सुनिश्चित की गयी है. उस अनुसार प्रत्येक महीने के दूसरे शनिवार को वे मेडिकल कॉलेज स्थित ओपीडी के शिशु रोग विभाग में दिन के 10 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक मरीजों को देखेंगे और उनका उपचार करेंगे. इससे पूर्णिया प्रमंडल के अलावा कोसी और सीमांचल के विभिन्न जिलों के मरीजों के रक्त सम्बन्धी परेशानियों का उपचार सरकारी तौर पर आसानी से पूर्णिया में ही उपलब्ध हो सकेगा. इसी कड़ी में शनिवार को डॉ. प्रवीण झा ने लगभग 70 थैलेसिमिया मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें विभिन्न प्रकार की जांच और दवाइयां लिखीं. इस मौके पर जीएमसीएच के पेडियाट्रिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. प्रेम प्रकाश भी उपस्थित थे.ढाई लाख से कम आमदनी वाले मरीजों का मेदान्ता में होगा मुफ्त इलाज
डॉ. प्रवीण झा ने बताया कि उनके द्वारा जीएमसीएच में आनेवाले मरीजों में खून से संबंधित बीमारी जैसे खून कम या अधिक होना, ब्लड कैंसर, थैलेसिमिया, ल्यूकोमिया आदि समस्याओं की जांच की जायेगी और मरीजों को उचित सलाह दिये जायेंगे. इसके अलावा जरुरत के अनुसार बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए भी व्यवस्था की जायेगी. इस सम्बन्ध में उन्होंने बताया कि इसके लिए पटना स्थित जय प्रभा मेदांता और बिहार सरकार के बीच पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के तहत उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है. वैसे मरीजों को जिनकी सालाना आमदनी ढाई लाख रूपये से कम है उन्हें जीएमसीएच द्वारा रेफर किये जाने के बाद यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करायी जायेगी. हालांकि अभी उनके द्वारा महीने में एक दिन यह सुविधा शुरू की गयी है वहीं मरीजों की सहूलियत के लिए उन्होंने मेदांता के सीनियर एक्जिक्यूटिव अभिताज के मोबाइल संख्या 6287796563 पर संपर्क करने को कहा है.
थैलेसिमिया संघ परिवार ने जतायी प्रसन्नता
जीएमसीएच में पटना के मेदांता अस्पताल के हेमेटोलॉजिस्ट व थैलेसीमिया के विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा इलाज की सुविधा उपलब्ध हो जाने से थैलेसिमिया संघ परिवार के सदस्यों में ख़ुशी की लहर है. संघ के सदस्य ब्रजेश कुमार एवं पवन झा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सक की इस सेवा का लाभ अब जिले के 215 थैलेसिमिया पीड़ित बच्चों को यहीं मिल सकेगा. उन्होंने कहा कि आज करीब 70 थैलेसीमिया बच्चों के स्वास्थ्य की जांच उनके द्वारा की गयी है और सभी बच्चों को उचित अति आवश्यक टेस्ट की रिपोर्ट देखकर उचित आयरन निकालने वाली दवाईयां लिखी गयी. इस अवसर पर थैलेसीमिया संघ परिवार के ब्रजेश कुमार, पवन झा, निरंजन, फिरोज आलम और सोनू ने डॉ. प्रवीण कुमार का आभार प्रकट करते इस मासिक सेवा को साप्ताहिक रूप से उपलब्ध कराने की भी मांग की.बोले अधीक्षक
रक्त विकार से सम्बंधित अति विशिष्ट मामलों में जीएमसीएच में विशेषज्ञ चिकित्सक की उपस्थिति का लाभ अब यहीं पर मरीजों को मिलेगा. ऐसे मामलों में दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों की ओर जानेवाले मरीजों को इससे बड़ी राहत मिलेगी. इससे पूर्णिया सहित कोसी और सीमांचलवासियों को भी लाभ मिलेगा. जीएमसीएच में स्वास्थ्य सुविधाओं का और विस्तार हो सके इसके लिए प्रयास जारी है. डॉ. संजय कुमार, अधीक्षक, जीएमसीएचप्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सत्येन्द्र सिन्हा गोपी
सत्येन्द्र सिन्हा गोपी प्रिंट माध्यम में 25 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. आकाशवाणी एवं दूरदर्शन समाचार से पत्रकारिता की शुरुआत की. नाटक, कला संस्कृति, गीत संगीत, कृषि व मेडिकल क्षेत्र में विशेष अभिरुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










