ब्रह्मपुत्र नदी में डूबे पूर्णिया के दूसरे युवक का भी मिला शव, 24 घंटे में उठीं दो अर्थियां, गांव में मातम

Updated:
विज्ञापन
मृतक आकाश का फाइल फोटो, शोक में डूबे परिजन व ढांढस देते समाजसेवी, सुरक्षित बचे मंजीत कुमार | Prabhat Khabar Network

मृतक आकाश का फाइल फोटो

असम के धुबरी जिले में ब्रह्मपुत्र नदी में डूबने से पूर्णिया के दो युवकों की मौत हो गई. दूसरे युवक आकाश कुमार का शव बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है. लगातार दो मौतों से परिवारों में गहरा दुख है.

विज्ञापन

Purnia News: जलालगढ़ (पूर्णिया). असम के धुबरी जिले में ब्रह्मपुत्र नदी में डूबे पूर्णिया के दूसरे युवक का शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है. चक पंचायत के बैसा सीमा गांव निवासी विजय ततमा के 23 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार का शव मंगलवार देर शाम फुलबाड़ी के निकट नदी से बरामद किया गया. शव गांव पहुंचने के बाद बुधवार देर रात अंतिम संस्कार किया गया. इससे पहले इसी हादसे में राहुल कुमार की भी डूबने से मौत हो चुकी थी.

पुल निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार असम के धुबरी जिले के फुलबाड़ी क्षेत्र में ब्रह्मपुत्र नदी पर एलएनटी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा पुल निर्माण कार्य कराया जा रहा है. पूर्णिया के कई मजदूर वहां कार्यरत थे. रविवार को कार्यस्थल के निकट नदी में नहाने के दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की जान चली गयी.

बचे युवक ने सुनाई पूरी घटना

हादसे में सुरक्षित बचे मंजीत कुमार ने बताया कि सबसे पहले आकाश नदी में डूबने लगा. उसे बचाने के लिए वह आगे बढ़ा, लेकिन स्वयं भी गहरे पानी में चला गया. दोनों को डूबता देख राहुल भी बचाने के लिए नदी में उतरा. इसके बाद उसे कुछ याद नहीं रहा. जब होश आया तो वह अस्पताल में था और उसे दोनों साथियों की मौत की जानकारी मिली.

24 घंटे में दो घरों से उठीं अर्थियां

राहुल कुमार का शव सोमवार देर शाम गांव पहुंचा था और मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया. वहीं आकाश कुमार का शव मंगलवार देर शाम बरामद होने के बाद बुधवार रात अंतिम संस्कार किया गया. लगातार दो युवकों की मौत से बैसा सीमा, दिग्घी पोखर और आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है.

परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे जनप्रतिनिधि

Purnia News: घटना के बाद पंचायत के पूर्व सरपंच सह वर्तमान सरपंच पति धर्मानंद यादव, उपमुखिया नीलेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी. ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को उचित सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.


विज्ञापन
Nikesh Kumar

लेखक के बारे में

By Nikesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन