फणीश्वर नाथ रेणु के जयंती समारोह में जुटेंगे कई साहित्यिक दिग्गज

Updated at : 06 Mar 2025 6:02 PM (IST)
विज्ञापन
फणीश्वर नाथ रेणु के जयंती समारोह में जुटेंगे कई साहित्यिक दिग्गज

रेणु जी की साहित्यिक कृतियों पर छेड़ी जाएगी बौद्धिक बहस

विज्ञापन

रेणु जी की साहित्यिक कृतियों पर छेड़ी जाएगी बौद्धिक बहस

पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति करेंगे समारोह का उद्घाटन

बीएनएमयू मधेपुरा एवं पीयू के हिन्दी विभागाध्यक्ष होंगे अतिथि वक्ता

सीमांचल के अनेक नामचीन कवि-लेखक बनेंगे समारोह के सहभागी

पूर्णिया नवनिर्माण मंच 9 मार्च को कर रहा 105 वें जयंती समारोह का आयोजन

पूर्णिया. कथाशिल्पी फणीश्वर नाथ रेणु की जयंती पर इस बार फिर पूर्णिया में देश और सूबे के कई साहित्यिक दिग्गजों का जमघट लगेगा. इस मौके पर रेणु जी की साहित्यिक कृतियों पर बौद्धिक बहस छिड़ेगी जिसमें आज के संदर्भ में उनकी उपादेयता पर भी चर्चा होगी. पूर्णिया नवनिर्माण मंच द्वारा आयोजित होने वाले इस सारस्वत अनुष्ठान की तैयारियों को फाइनल टच दिया जा रहा है. इस अवसर पर रेणुजी की चर्चित कहानी ‘पंचलैट’ की नाटय प्रस्तुति भी दी जाएगी.

गौरतलब है कि पिछले दो दशकों से पूर्णिया नवनिर्माण मंच द्वारा हर साल यह आयोजन होता आ रहा है. इस साल स्थानीय टाउन हॉल में कथाशिल्पी फणीश्वरनाथ रेणु का 105 वां जयंती समारोह आयोजित होगा. पूर्णिया नवनिर्माण मंच के अध्यक्ष शंकर कुशवाहा, सचिव अरूण कुमार विश्वास और कोषाध्यक्ष मनीष कश्यप ने यहां बताया कि पूर्व की भांति दो सत्रों में समारोह होगा. पहला उद्घाटन सत्र होगा. पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.(प्रो.) विवेकानंद सिंह समारोह का उद्घाटन करेंगे. मंच के अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने बताया कि इस अवसर पर अतिथियों के स्वागत-सम्मान के बाद अतिथियों द्वारा डॉ.रामनरेश भक्त एवं डॉ.लव कुमार द्वारा संपादित पुस्तक ‘त्रिदल’ को लोकार्पित किया जायेगा.

साहित्यकार निवेदित करेंगे रेणु जी को शब्दांजलि

मंच के अभिभावक कहे जाने वाले डॉ.रामनरेश भक्त ने बताया कि इस पुस्तक में फणीश्वरनाथ रेणु सहित उनके प्रेरणास्रोत रहे कथाकार अनूपलाल मंडल एवं सतीनाथ भादुड़ी के जीवन प्रत्यय एवं उनकी कथा-चेतना को विवेचित किया गया है. रेणु जी अनूपलाल मंडल को दोसनाप और भादुड़ी जी को गुरु मानते थे. उन्होंने कहा कि रेणु जी को शब्दांजलि निवेदित करने के लिए मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों विशिष्ट वक्ता के रूप में बीएनएमयू मधेपुरा एवं पूर्णिया विश्वविद्यालय पूर्णिया के पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्षों तथा महाविद्यालीय विद्वदजनों को आमंंत्रित किया गया है. समारोह में सीमांचल के अनेक नामचीन कवि-लेखक सहभागी बनेंगे.

नाटक संग होगी होली गीतों की प्रस्तुति

जयंती समारोह के दूसरे सत्र में साहित्यकारों एवं शिक्षा, स्वास्थ्य, पत्रकारिता और समाजसेवा जुड़े चयनित व्यक्तित्व को सम्मानित किया जायेगा. तदोपरांत कला भवन पूर्णिया के नाटय विभाग द्वारा रेणुजी की चर्चित कहानी पंचलैट की नाटय प्रस्तुति होगी. नाटक का निर्देशन प्रसिद्ध रंगकर्मी विश्वजीत कुमार सिंह करेंगे. मौके पर होली गीतों की शानदार प्रस्तुति होगी. कार्यक्रम का समापन फूलों की होली एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन