भवानीपुर CHC में SDM का औचक निरीक्षण, ड्यूटी से गायब तीन डॉक्टरों की काटी हाजिरी
CHC में निरीक्षण के दौरान गायब डॉक्टरों की हाजरी काटते SDM
निरीक्षण के क्रम में एसडीएम ने प्रसव कक्ष, इमरजेंसी वार्ड और दवा वितरण कक्ष का बारीकी से जायजा लिया. साथ ही अस्पताल की विभिन्न पंजियों (रजिस्टर) का भी गहन अवलोकन किया
पूर्णिया भवानीपुर से इंदेश्वरी यादव की रिपोर्ट :
भवानीपुर. धमदाहा एसडीएम अनुपम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवानीपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई बड़ी खामियां उजागर हुईं, जिस पर एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाया.
निरीक्षण के क्रम में एसडीएम ने प्रसव कक्ष, इमरजेंसी वार्ड और दवा वितरण कक्ष का बारीकी से जायजा लिया. साथ ही अस्पताल की विभिन्न पंजियों (रजिस्टर) का भी गहन अवलोकन किया. इस दौरान तीन चिकित्सा पदाधिकारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिनकी हाजिरी तत्काल प्रभाव से काट दी गई. अनुपस्थित चिकित्सकों में डॉ. राजनयन सिन्हा की एक दिन, डॉ. संजय कुमार की चार दिन तथा डॉ. एसके चौधरी की तीन दिनों की हाजिरी काटी गई है.
एसडीएम ने बताया कि इन सभी चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. इसके अलावा, अस्पताल परिसर में फैली गंदगी को देख एसडीएम ने गहरी नाराजगी जताई. उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि अगली जांच में सुधार नहीं मिलने पर संबंधित कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होगी.
एसडीएम अनुपम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मरीजों को बेहतर और समय पर सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. इस मौके पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रिजवान आलम सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










