मच्छट्टा एपीएचसी में डॉक्टर नहीं मिलने से मरीज परेशान, एक चिकित्सक को शोकॉज
फोटो - अस्पताल में डॉ का इंतजार करते मरीज | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया जिले के मच्छट्टा पीएचसी में डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण दूरदराज से इलाज कराने आए मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. गुरुवार को दर्जनों मरीज घंटों इंतजार के बाद भी डॉक्टर न मिलने से बैरंग लौट गए. ग्रामीणों ने नियमित डॉक्टर की मौजूदगी की मांग की है.
पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड अंतर्गत एपीएचसी मच्छट्टा में डॉक्टरों की गैरमौजूदगी के कारण दूरदराज से इलाज कराने पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा. गुरुवार को अस्पताल पहुंचे दर्जनों मरीज और उनके परिजन घंटों डॉक्टर का इंतजार करते रहे. इलाज नहीं मिलने के बाद कई मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा.
रोस्टर के अनुसार तीन-तीन दिन डॉक्टरों की ड्यूटी
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार एपीएचसी मच्छट्टा में दो चिकित्सकों की सप्ताह के अलग-अलग दिनों में ड्यूटी निर्धारित है. रोस्टर के मुताबिक सोमवार, मंगलवार और बुधवार को डॉ. सुजिता तथा गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को डॉ. नवीन कुमार की ड्यूटी लगाई गई है. इस व्यवस्था के तहत दोनों चिकित्सक सप्ताह में तीन-तीन दिन स्वास्थ्य केंद्र में सेवा देते हैं.
डॉक्टर के इंतजार में लौटे मरीज
गुरुवार को इलाज कराने पहुंचे कई मरीजों को डॉक्टर का इंतजार करना पड़ा. लड़इया गांव से पत्नी और बीमार बच्चे को लेकर पहुंचे एक मरीज के परिजन ने बताया कि काफी देर इंतजार करने के बाद भी चिकित्सक नहीं मिले. वहीं हसीना, नजमा परवीन सहित अन्य मरीजों ने भी डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण परेशानी की बात कही.
मरीजों का कहना था कि उन्हें बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेकर या बिना उपचार के ही वापस लौटना पड़ा.
एक डॉक्टर की अनुपस्थिति पर जारी हुआ शोकॉज
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एहतमामुल हक ने बताया कि पिछले दिनों डॉ. सुजिता के अनुपस्थित पाए जाने पर उनका एब्सेंट लगाया गया था और स्पष्टीकरण भी जारी किया गया है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की रोस्टर व्यवस्था के अनुसार चिकित्सकों की ड्यूटी निर्धारित रहती है.
अपरिहार्य कारण से रेफरल अस्पताल में लगाई गई ड्यूटी
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि गुरुवार को मच्छट्टा एपीएचसी में डॉ. नवीन कुमार की ड्यूटी निर्धारित थी. लेकिन रेफरल अस्पताल अमौर में तैनात डॉ. श्याम कुमार की पत्नी की अचानक तबीयत खराब होने के कारण आपात व्यवस्था में डॉ. नवीन कुमार की ड्यूटी रेफरल अस्पताल में लगानी पड़ी.उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में अस्पताल की इमरजेंसी सेवा को प्राथमिकता देना आवश्यक था.
नियमित डॉक्टर की मौजूदगी की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि मच्छट्टा एपीएचसी दूरदराज के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है. डॉक्टरों की अनुपस्थिति से मरीजों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









