पूर्णिया चेम्बर ऑफ कॉमर्स का चुनाव सम्पन्न, आदित्य केजरीवाल अध्यक्ष और पारस जेजानी महासचिव निर्वाचित
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल, पारस जेजानी व अन्य | Prabhat Khabar
पूर्णिया चेम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनाव में आदित्य केजरीवाल अध्यक्ष और पारस जेजानी महासचिव निर्वाचित हुए। जानिए पूरी चुनाव प्रक्रिया और परिणामों की विस्तृत जानकारी।
पूर्णिया. गहमा-गहमी के बीच रविवार को पूर्णिया चेम्बर ऑफ कॉमर्स का चुनाव सम्पन्न हो गया. चुनाव में आदित्य केजरीवाल को अध्यक्ष, पारस जेजानी को महासचिव और निर्मल कुमार जैन को कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया. पूरे दिन चेम्बर भवन में मतदान की प्रक्रिया चली. इसके बाद मतों की गिनती कर चुनाव परिणाम घोषित किया गया.
318 में 316 मतदाताओं ने किया मतदान
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार चेम्बर ऑफ कॉमर्स के लाइफ मेंबर मतदाताओं ने शांतिपूर्ण माहौल में अपने मताधिकार का प्रयोग किया. पूर्णिया में चेम्बर के कुल 318 लाइफ मेंबर मतदाता हैं, जिनमें से 316 ने मतदान किया.
निर्वाची पदाधिकारी धीरज पराशर, राकेश कुमार एवं साकेत शर्मा ने मतगणना के बाद विधिवत चुनाव परिणाम की घोषणा की. निवर्तमान अध्यक्ष राजेन्द्र संचेती के हाथों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया.
अध्यक्ष पद पर आदित्य केजरीवाल की बड़ी जीत
अध्यक्ष पद के लिए आदित्य केजरीवाल और श्रवण कुमार चौधरी उर्फ बबलू चौधरी के बीच मुकाबला हुआ. कुल 316 मतों में आदित्य केजरीवाल को 232 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी बबलू चौधरी को 84 मत प्राप्त हुए. इस तरह आदित्य केजरीवाल ने 148 मतों के अंतर से जीत दर्ज की.
पारस जेजानी बने महासचिव
महासचिव पद के लिए पारस जेजानी और विरेन्द्र कुमार जैन उर्फ वीरु जैन आमने-सामने थे. कुल 316 मतों में दो मत अवैध पाए गए. पारस जेजानी को 196 मत मिले, जबकि विरेन्द्र कुमार जैन को 118 मत प्राप्त हुए. पारस जेजानी को विजयी घोषित किया गया.
निर्मल कुमार जैन कोषाध्यक्ष निर्वाचित
कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में भी दो मत अवैध पाए गए. निर्मल कुमार जैन को 225 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी नील कमल जायसवाल को 89 मत प्राप्त हुए. निर्मल कुमार जैन ने 136 मतों के अंतर से जीत हासिल की.
पहले भी चेम्बर की कमेटी में रहे हैं नवनिर्वाचित पदाधिकारी
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल पूर्व कमेटी में महासचिव के पद पर थे, जबकि पारस जेजानी कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. इस बार दोनों ने पद बदलते हुए चुनाव में अपनी दावेदारी पेश की और जीत दर्ज की.
26 जुलाई से शुरू हुई थी नामांकन प्रक्रिया
चेम्बर ऑफ कॉमर्स का चुनाव प्रत्येक तीन वर्ष पर होता है. इस वर्ष चुनाव को लेकर पहली बार काफी गहमा-गहमी का माहौल देखने को मिला. 26 जुलाई से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई थी, जिसके बाद 8 अगस्त तक प्रत्याशियों ने मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की. हालांकि चुनाव के दौरान राजनीतिक चुनाव की तरह न तो नारेबाजी दिखी और न ही किसी तरह का स्टंट देखने को मिला. सभी दावेदार पूर्णिया के व्यावसायिक विकास और कारोबारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताते रहे.
चेम्बर भवन में जुटा व्यवसायी समाज
पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूर्णिया के व्यवसायी महकमे में सरगर्मी बनी रही. सभी प्रत्याशी कारोबारी मतदाताओं के बीच संपर्क कर उनकी राय जानने में जुटे रहे. रविवार को चुनाव के दौरान चेम्बर ऑफ कॉमर्स के भवन में पूर्णिया के लगभग तमाम व्यवसायी समाज का जमघट लगा रहा.
ALSO READ : पूर्णिया में बाढ़ के बीच बच्चों की पढ़ाई जारी, 4 फीट पानी पार कर स्कूल पहुंच रहे छात्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अखिलेश चंद्रा
अखिलेश चंद्रा प्रिंट माध्यम में 30 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










