दालकोला चेकपोस्ट पर मद्य निषेध कर्मी की मिलीभगत से शराब तस्करी का भांडाफोड़, 590 लीटर अंग्रेजी शराब संग 2 गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

जब्त वाहन | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। दालकोला चेकपोस्ट पर मद्य निषेध विभाग के स्कैनर ऑपरेटर की मिलीभगत से भेजी जा रही विदेशी शराब की खेप को पुलिस ने जब्त कर लिया है. इस मामले में विभाग के कर्मी और वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया है.

विज्ञापन

पूर्णिया जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. दालकोला चेकपोस्ट पर तैनात मद्य निषेध विभाग के स्कैनर ऑपरेटर की मिलीभगत से भेजी जा रही विदेशी शराब की एक बड़ी खेप को पुलिस ने जब्त कर लिया है. बायसी थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 590.120 लीटर विदेशी शराब बरामद की तथा घटना में शामिल विभाग के कर्मी और ड्राइवर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

एसपी को मिली थी गुप्त सूचना, टीम बनाकर हुई कार्रवाई

पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को 8 अगस्त 2026 की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि दालकोला चेकपोस्ट पर तैनात स्कैनर ऑपरेटर की मिलीभगत से पिकअप वाहन पर शराब लादकर बायसी की तरफ भेजा जा रहा है. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर जिला आसूचना इकाई (मद्य निषेध एवं जिला स्वापक नियंत्रण ब्यूरो) के प्रभारी पुलिस निरीक्षक विजय कुमार यादवेंदु के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.

बायसी दुर्गा मंदिर के पास पिकअप से मिली 54 पेटी शराब

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बायसी थाना क्षेत्र स्थित बायसी दुर्गा मंदिर के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान एक संदेहास्पद पिकअप वाहन को रोककर जब उसकी बारीकी से तलाशी ली गई, तो उसमें से 54 पेटियों में छिपाकर रखी गई कुल 590.120 लीटर अंग्रेजी/विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके से ही पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया, जिसकी पहचान कटिहार जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित हरिगंज (वार्ड 28) निवासी मो. हुसैन (पिता: स्व. शेख इस्लाम) के रूप में हुई.

जांच में चेकपोस्ट कर्मी की संलिप्तता का खुलासा, ऑपरेटर गिरफ्तार

चालक से पूछताछ और जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दालकोला चेकपोस्ट पर गाड़ियों की जांच के लिए तैनात स्कैनर मशीन ऑपरेटर रंजन कुमार (पिता: सीताराम मांझी, निवासी: छपिया छाप, थाना ईश्वरपुर, जिला सारण) ने पैसों के लालच में शराब से लदी पिकअप को बिना रोक-टोक बायसी की ओर पार कराया था. मामले में संलिप्तता साबित होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मी रंजन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब दोनों से कड़ी पूछताछ कर शराब तस्करी के इस पूरे सिंडिकेट और नेटवर्क का पता लगा रही है.

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

इस पूरी सफल कार्रवाई में बायसी एसडीपीओ (SDPO) जितेन्द्र पाण्डेय, पूर्णिया सदर थाना के पुलिस उपाधीक्षक रोशन कुमार सिंह, बायसी थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई (DIU) तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पूर्णिया पुलिस ने दोहराया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों और तस्करों की मदद करने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.


विज्ञापन
अरुण कुमार

लेखक के बारे में

By अरुण कुमार

अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन