रोजगार की तलाश में बनारस गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, पैतृक गांव शव पहुंचते ही मचा कोहराम

Updated:
विज्ञापन

परिजन से जानकारी लेते पुलिस कर्मी

पूर्णिया के 24 वर्षीय युवक की उत्तर प्रदेश के बनारस में निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. काम की तलाश में गए युवक की ठेकेदार द्वारा पिटाई से मौत हो गई. शव पैतृक गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

विज्ञापन

पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत रजीगंज पंचायत के खाखोबाड़ी गांव निवासी एक 24 वर्षीय युवक की उत्तर प्रदेश के बनारस में संदिग्ध परिस्थितियों में पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक का शव जैसे ही रविवार की सुबह उसके पैतृक गांव पहुंचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में मातम छा गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

काम की तलाश में सोमवार को गया था बनारस

मृतक की पहचान पूर्णिया पूर्व प्रखंड के रजीगंज पंचायत स्थित खाखोबाड़ी वार्ड संख्या 8 निवासी सदानंद ऋषि के 24 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है. घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतक की मां कमली देवी ने रोते-बिलखते बताया कि बीती सोमवार को उनका बेटा छोटू कुमार गांव के ही 3-4 अन्य युवकों के साथ मजदूरी/काम करने के लिए उत्तर प्रदेश के बनारस (बक्सा) गया था. इन सभी युवकों को कटिहार जिले के भेडियाही निवासी गोपचंद ऋषि के माध्यम से वहां भेजा गया था.

ठेकेदार के साथियों पर बेरहमी से हत्या का आरोप

परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि बनारस पहुंचने के बाद संबंधित ठेकेदार और उसके साथियों ने किसी बात को लेकर छोटू कुमार की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी रविवार की सुबह चुपचाप उसका शव लेकर उसके पैतृक गांव खाखोबाड़ी छोड़ गए. घटना के बाद से मृतक की मां, पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम से एसआई नितिन कुमार एवं एएसआई परमजीत कुमार दलबल के साथ तत्काल खाखोबाड़ी गांव पहुंचे. पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच (GMCH) पूर्णिया भेज दिया. मुफस्सिल थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के परिजनों द्वारा दिए जाने वाले लिखित आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही घटना स्थल बनारस होने के कारण संबंधित थाने से संपर्क साधकर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी.


विज्ञापन
Raj Kr Choudhary

लेखक के बारे में

By Raj Kr Choudhary

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन