पूर्णिया में गुलाबबाग मंडी खुली, दहशत बरकरार

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 04 Dec 2015 8:20 PM

विज्ञापन

पूर्णिया : एक दिन की बंदी के बाद गुलाबबाग मंडी के कारोबारियों ने हड़ताल वापस ले लिया है. शुक्रवार को फिर से गुलाबबाग मंडी में रौनक लौट आयी. गल्ला कारोबार से लेकर आलू-प्याज का कारोबार दिन भर जारी रहा. बड़ी संख्या में व्यवसायी और किसान मंडी पहुंचे, लेकिन हर चेहरे पर कहीं न कहीं भय […]

विज्ञापन

पूर्णिया : एक दिन की बंदी के बाद गुलाबबाग मंडी के कारोबारियों ने हड़ताल वापस ले लिया है. शुक्रवार को फिर से गुलाबबाग मंडी में रौनक लौट आयी. गल्ला कारोबार से लेकर आलू-प्याज का कारोबार दिन भर जारी रहा. बड़ी संख्या में व्यवसायी और किसान मंडी पहुंचे, लेकिन हर चेहरे पर कहीं न कहीं भय नजर आ रहा था.

गौरतलब है कि मंडी के चावल कारोबारी ओमप्रकाश गुप्ता के प्रतिष्ठान में मंगलवार की रात 30 रुपये के डाके के बाद व्यवसायियों के बीच भय और आक्रोश व्याप्त था. गुरुवार को व्यवसायियों ने अनिश्चितकालीन मंडी बंद का आह्वान कर कारोबार ठप रखा था.हालांकि इस घटना के फौरन बाद पुलिस कप्तान द्वारा गठित टीम ने तीन संदिग्ध को हिरासत में ले लिया. पुलिस के सकारात्मक पहल को देखते हुए महासंघ अध्यक्ष बबलू चौधरी, पप्पू यादव, संजय गुप्ता, सुरेंद्र विनायकिया, बलराम यादव, कन्हैया रस्तोगी, अमोलक संचेती, अजीत भगत सहित दर्जनों व्यवसायियों ने बैठक कर बंद वापस लेने की घोषणा की. एसपी ने इस मामले को लेकर शुक्रवार को भी मंडी का निरीक्षण कर व्यवसायी महासंघ अध्यक्ष एवं व्यवसायियों से वार्ता किया और मंडी की सुरक्षा तथा व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर कई निर्देश दिये.

धान और आलू किसानों को मिली राहत

गुरुवार को मंडी बंद होने से कृषि जींस के साथ आलू लेकर मंडी पहुंचे किसानों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ा था. खरीदार के अभाव में किसान परेशान रहे. अलबत्ता महासंघ ने पुलिस कप्तान के आश्वासन के बाद देर संध्या बैठक कर बंद स्थगित कर दिया था. शुक्रवार को मंडी में कृषि जींस और आलू-प्याज से लेकर अन्य सामानों की खरीद-फरोख्त का बाजार गर्म रहा. इस वजह से एक बार फिर मंडी में रौनक लौट आयी. गौरतलब है कि मंडी में एक दिन में कम से कम 10 करोड़ रुपये का कारोबार होता है. घटना के बाद बीते दो दिनों में 25 करोड़ से अधिक के कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है.

घटना को लेकर पुनरावृत्ति का है भय

डाका कांड के बाद भले ही पुलिस ने काफी हद तक मामले का खुलासा कर लिया है, लेकिन ऐसी घटना के पुनरावृत्ति को लेकर अभी भी व्यापारियों में भय का माहौल है. मंडी के कारोबारियों की मानें तो पूर्व में भी कई घटनाएं घटी. पुलिस ने उद्भेदन व गिरफ्तारी भी की, लेकिन घटनाओं पर अंकुश नहीं लग सका. ऐसे में फिर से ऐसी घटना के पुनरावृत्ति को लेकर कारोबारी संशय व भय के साथ चिंतन करने में लगे हैं. गौरतलब है कि जिस मंडी में प्रतिदिन करोड़ों का कारोबार होता है, उसकी सुरक्षा होमगार्ड के जिम्मे है, जो ड्यूटी कम वसूली अधिक करता है. मंगलवार की देर रात्रि चावल व्यवसायी के यहां हुई घटना मंडी के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी घटना बतायी जाती है. जानकार बताते हैं कि पूर्व के हुई घटनाओं में इतनी बड़ी रकम तथा इतने अधिक संख्या में अपराधियों ने कभी भी घटना को अंजाम नहीं दिया था.

रात में मंडी में गश्ती की मांग

व्यावसायिक मंडी के कारोबार एवं व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर व्यवसायियों सहित कई सामाजिक संगठनों के सामाजिक लोगों ने पुलिस कप्तान निशांत कुमार तिवारी से मंडी परिसर में रात्रि कालीन पुलिस गश्ती कराने की मांग की है. कारोबारियों का कहना है कि विभाग द्वारा नियुक्त होमगार्ड के जवान जो खुद शारीरिक रूप से कमजोर हैं, उन्हें बदल कर युवा पुलिस वालों की ड्यूटी लगायी जाय. व्यवसायियों का मानना है कि समय रहते अगर मंडी की सुरक्षा-व्यवस्था को फुलप्रुफ नहीं बनाया गया तो एक बार फिर मंडी उजड़ सकती है.

मंडी में अब स्पेशल पुलिस पिकेट होगा

पूर्णिया. व्यावसायिक मंडी में अब स्पेशल पुलिस पिकेट होगा. हर गेट पर पुलिस के जवान होंगे, जिसकी आने-जाने वालों पर पैनी नजर रहेगी. शाम पांच बजे से पूरी रात किले में तब्दील रहेगा मंडी समिति का 68 एकड़ का दायरा. इसके अलावा कई और बदलाव के साथ व्यवसायियों की सुरक्षा एवं मंडी के विकास के लिए भी पहल होगी. मंडी में प्रवेश और निकास के रास्ते पर पुलिस वाले आने-जाने वालों के साथ बेवजह देर रात्रि भटकने वालों पर रखेंगे निगाह. दरअसल शुक्रवार को मंडी समिति पहुंचे एसपी निशांत कुमार तिवारी ने महासंघ अध्यक्ष बबलू चौधरी एवं व्यवसायियों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह कदम उठाया है. मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि मंडी में प्रवेश विकास के सभी रास्तों के गेट बनाये जायेंगे बल्कि विभाग द्वारा मंडी में तैनात होमगार्ड के जवानों को कड़ी फटकार लगाते हुए युवा व तेज तर्रार पुलिस जवानों की बहाली की बात कही. इस दौरान एसपी श्री तिवारी ने मंडी में व्यवस्था को लेकर ऑन द स्पॉट सदर एसडीएम से फोन पर बात कर महासंघ अध्यक्ष को जिलाधिकारी से मंडी के विकास के लिए वार्ता करने में सहयोग का भी आश्वासन दिया.

महासंघ कार्यालय में खुलेगा पुलिस पिकेट

मंडी की सुरक्षा को लेकर स्पेशल पुलिस पिकेट मंडी स्थित महासंघ कार्यालय में खुलेगा. इस पिकेट में 04 एक के पुलिस जवान के साथ सदर थाना के एएसआई तेज नारायण सिंह को एसपी ने तत्काल प्रतिनियुक्त किया है. महासंघ के साथ मिल कर संयुक्त रूप से मंडी और मंडी के कारोबारियों की सुरक्षा तथा रात्रि गश्ती का आदेश इस टीम को दिया गया है. व्यावसायिक सुरक्षा को लेकर अलग-अलग शिफ्ट में पुलिस के जवान गश्त करेंगे. इतना ही नहीं किसी भी तरह के चूक के लिए मौके पर ही पुलिस कप्तान ने पुलिस वालों को कार्यवाही भुगतने की चेतावनी दी.

तीनों गेट पर बनेगा चेकपोस्ट

सुरक्षा को लेकर मंडी समिति के मुख्य गेट के साथ-साथ पूर्वी व पश्चिमी गेट पर पुलिस चेकपोस्ट बनेगा. यहां पुलिस के जवान हथियार के साथ मुस्तैद रहेंगे. इस बाबत एसपी श्री तिवारी ने बताया कि गेट पर खड़े पुलिस जवान निगरानी के साथ वाहन जांच एवं संदेह होने पर पूछताछ भी करेंगे. मंडी के गेट पर इंट्री रजिस्टर भी रहेगा. कुल मिला कर पुलिस द्वारा ऐसी तैयारी की जा रही है कि इस तरह के वारदात की फिर से पुनरावृत्ति नहीं हो. मंडी में मुस्तैद गश्ती जवानों को बाइक मुहैया करायी जायेगी.

एसपी खुद करेंगे मॉनीटरिंग

सुरक्षा के सवाल पर एसपी ने दो टूक में यह कह दिया कि कोई भी लापरवाही बरदाश्त नहीं होगी. मंडी में तैनात सभी पुलिस वालों का मोबाइल नंबर का लोकेशन देखा जायेगा ताकि कोई लापरवाही न हो. सबसे बड़ी बात यह है कि मंडी की सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस जवानों की कार्यकलाप पर खुद पुलिस कप्तान की नजरें रहेगी. एसपी औचक निरीक्षण के साथ सुरक्षा-व्यवस्था का मोनिटरिंग खुद करेंगे. पुलिस और व्यवसायियों के बीच समन्वय को लेकर शीघ्र ही व्यावसायिक मंडी में संयुक्त बैठक बुलायी जायेगी. इस बैठक में मंडी की सुरक्षा, पुलिसिंग की व्यवस्था एवं विकास के साथ पुलिस, व्यापारी एवं व्यवसायियों के बीच आपसी समन्वय मजबूत करने की रणनीति पर विचार-विमर्श होगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन