कटिहार में भीषण सड़क हादसा, गेड़ाबाड़ी में टोटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर घायल

जीएमसीएच पूर्णिया में प्राथमिक उपचार करते स्वास्थ्य कर्मी | Prabhat Khabar Network
Bihar Road Accident: कटिहार जिले के गेड़ाबाड़ी में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक अनियंत्रित टोटो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस जोरदार भिड़ंत में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पूर्णिया भेजा गया है।
Bihar Road Accident: पूर्णिया जिले की सीमा से सटे कटिहार के गेड़ाबाड़ी में शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. गेड़ाबाड़ी के बभनटोली के पास एक अनियंत्रित टोटो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया.
टक्कर इतनी जोरदार कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
जानकारी के अनुसार हादसा कटिहार जिले के गेड़ाबाड़ी स्थित बभनटोली के समीप हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टोटो और बाइक की सीधी भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया.
तीनों घायलों को जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया गया
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को तत्काल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों और अधिक रक्तस्राव के कारण तीनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
Bihar Road Accident :घायलों की हुई पहचान
दुर्घटना में घायल बाइक सवारों की पहचान कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र के फुलडोभी निवासी मो. अब्दुल और मो. सजलु के रूप में हुई है. वहीं टोटो चालक रहिका, फलका निवासी उमेश साह बताए गए हैं. डॉक्टरों के अनुसार तीनों के सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन जीएमसीएच पूर्णिया पहुंच गए. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. चिकित्सकों की निगरानी में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हायर सेंटर भेजा गया है.
सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि गेड़ाबाड़ी और आसपास के इलाकों में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकास वर्मा
विकास वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










