पूर्णिया के रोजगार मेले में पहुंचे 10 हजार अभ्यर्थी और 50+ कंपनियां, 7,882 चयनित : सांसद पप्पू यादव ने बांटे नियुक्ति पत्र

Updated:
विज्ञापन

नियुक्ति पत्र लेने के बाद सांसद पप्पू यादव के साथ अभ्यर्थी | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित रोजगार मेला-2026 में 10 हजार से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया. 50 से अधिक कंपनियों ने शिरकत की और 7,882 युवाओं का चयन हुआ, जिनमें 40% महिलाएं शामिल हैं. सांसद पप्पू यादव ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे.

विज्ञापन

पूर्णिया : पूर्णिया के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित रोजगार मेला-2026 में रोजगार की उम्मीद लेकर 10 हजार से अधिक युवा और महिला अभ्यर्थी पहुंचे. सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर आयोजित इस रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 50 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया. कंपनियों की चयन प्रक्रिया में 7,882 युवाओं का चयन किया गया, जिन्हें सांसद ने कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र प्रदान किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

मेले में पूर्णिया के साथ सहरसा, कटिहार, अररिया, मधेपुरा और सुपौल से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे. चयनित युवाओं में करीब 40 फीसदी महिला अभ्यर्थी शामिल रहीं.

50 से अधिक कंपनियों ने दिया रोजगार का मौका

रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स समेत विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने अभ्यर्थियों का चयन किया. एशियन पेंट्स सहित मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की 30 से अधिक कंपनियां और ब्लू डार्ट, राइडर सिक्योरिटी समेत अन्य कंपनियां मेले में शामिल हुईं.

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, पूर्णिया एसडीएम और डीएसपी समेत विभिन्न अधिकारियों का भी सहयोग रहा.

‘युवाओं की मेहनत को रोजगार से जोड़ना संकल्प’

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया के युवाओं में प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही अवसर उपलब्ध कराने की है. उन्होंने कहा कि युवाओं के समर्पण और मेहनत को रोजगार से जोड़ना उनका संकल्प है.

उन्होंने घोषणा की कि आगे हर छह महीने में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा. आने वाले समय में एक लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.

महिला अभ्यर्थियों को भी मिला मौका

रोजगार मेले में महिला अभ्यर्थियों की बड़ी भागीदारी रही. करीब 40 प्रतिशत चयनित अभ्यर्थी महिलाएं हैं. सांसद ने कहा कि महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

32 युवाओं का गल्फ देशों के लिए चयन

रोजगार मेले में 32 युवाओं का चयन गल्फ देशों में रोजगार के लिए किया गया. सांसद के अनुसार विभिन्न कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों को चार लाख रुपये तक के पैकेज की पेशकश की जा रही है.

25 हजार लोगों को रोजगार-स्वरोजगार से जोड़ने का दावा

सांसद ने कहा कि ‘प्रणाम पूर्णिया, सलाम पूर्णिया और जोहार पूर्णिया’ के संकल्प के तहत अब तक 25 हजार से अधिक लोगों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक मदद की जा चुकी है.

उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 25 परिवारों को करीब 22 लाख रुपये की चप्पल बनाने वाली मशीन भी उपलब्ध करायी गयी है.

60 मेधावी बच्चों को मिलेंगे लैपटॉप

सांसद ने कहा कि रोजगार के साथ शिक्षा और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने पर भी ध्यान दिया जा रहा है. आगामी महीने में 60 से अधिक गरीब और मेधावी बच्चों को लैपटॉप देने की योजना है.

इसके अलावा पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र की 60 से अधिक बेटियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मांग आधारित ऑनलाइन ट्रेनिंग दिलाने की योजना है. प्रशिक्षण के बाद उन्हें प्रतिष्ठित संस्थानों से प्रमाणपत्र भी दिलाने की बात कही गयी.

सांसद ने कहा कि उन्होंने ‘हर हाथ रोजगार, पूर्णिया’ के सपने को रोजगारयुक्त भारत की मुहिम से जोड़ा है. उनके अनुसार रोजगार मेला केवल नौकरी देने का आयोजन नहीं, बल्कि पूर्णिया के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और भविष्य में विश्वास का प्रतीक है.

गुलाबबाग मंडी में मक्का के भाव चढ़े, जूट नरम पड़ा : एक क्लिक में जानें आज किसका कितना रेट


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन