बिहटा में हाईवा की टक्कर से महिला की मौत, बेटा-बहू बाल-बाल बचे, इलाज के लिए आरा जा रहा था परिवार

Author Monu kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
मृतक महिला की फाइल फोटो

मृतक महिला की फाइल फोटो

पटना-आरा NH-922 पर हाईवा की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. वह अपने बेटे और बहू के साथ इलाज के लिए आरा जा रही थी. हादसा सिकंदरपुर गांव के पास हुआ.

विज्ञापन

Patna Road Accident : पटना-आरा एनएच-922 पर मंगलवार दोपहर सिकंदरपुर गांव के समीप तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गई. हादसे में बाइक चला रहा महिला का बेटा और उसकी पत्नी बाल-बाल बच गए. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.

मृतका की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के हल्दी छपरा रामनगर निवासी अनिल सिंह की 45 वर्षीय पत्नी सविता देवी के रूप में हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

इलाज कराने आरा जा रही थीं महिला

परिजनों ने बताया कि सविता देवी अपने बेटे विशाल कुमार और बहू कल्पना कुमारी के साथ बाइक से इलाज कराने आरा जा रही थीं. जैसे ही उनकी बाइक सिकंदरपुर गांव के समीप पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार हाईवा ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई.

इस दौरान सविता देवी सड़क पर गिरकर हाईवा की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं बेटा और बहू सड़क किनारे गिरने से सुरक्षित बच गए.

बहू ने बताया हादसे का घटनाक्रम

मृतका की बहू कल्पना कुमारी ने बताया कि वे अपनी सास को चिकित्सक से दिखाने आरा जा रहे थे. रास्ते में पीछे से आए हाईवा ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया.

पुलिस ने हाईवा जब्त कर शुरू की जांच

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना मिलने पर बिहटा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को भी जब्त कर लिया गया है.

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. हाईवा को जब्त कर लिया गया है तथा मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Also Read : निशांत कुमार अचानक पहुंचे LNJP हॉस्पिटल, मरीजों से की बात, व्यवस्थाओं को देख भड़के


विज्ञापन
Monu Kumar

लेखक के बारे में

By Monu Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन