पटना में बढ़ा वायरल का प्रकोप : ठंड लगकर आ रहा बुखार, जानें क्या सावधानी बरतने से होगा बचाव

पटना में मौसम के उतार-चढ़ाव से वायरल संक्रमण फैल रहा है. ठंड लगकर तेज बुखार आ रहा है. सामान्य तौर पर तीन से चार दिनों में ठीक होने वाला वायरल बुखार पांच से सात दिन तक चल रहा है. जानें इस बारे में डॉक्टर क्या कहते हैं और किन उपाय से आप अपना बचाव कर सकते हैं.
पटना. बरसात का मौसम है, लेकिन कभी तेज धूप, तो कभी बूंदाबांदी हो रही है. मौसम में इस उतार-चढ़ाव से वायरल संक्रमण फैल रहा है. इस बार ठंड लगकर तेज बुखार आ रहा है. इसके अलावा लगातार छींक, नाक से पानी गिरने के साथ मांसपेशियों, जोड़ों व आंखों में भी दर्द सता रहा है. सामान्य तौर पर तीन से चार दिनों में ठीक होने वाला वायरल बुखार पांच से सात दिन तक चल रहा है. सर्दी, जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. बीते पांच दिनों में पीएमसीएच व आइजीआइएमएस में 150 से 200 तक इस तरह के मरीज बढ़े हैं.
आंकड़ों के अनुसार पीएमसीएच व आइजीआइएमएस के मेडिसिन विभाग में एक सप्ताह पहले वायरल के 70 से 80 मरीज इलाज कराने पहुंचे थे. लेकिन, अब पीएमसीएच में वायरल से पीड़ित 140 से 150 मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं, तो आइजीआइएमएस में भी रोजाना 200 व गार्डिनर में 50 मरीज वायरल फीवर के चिह्नित किये जा रहे हैं. इलाज कर रहे विशेषज्ञ डॉक्टरों के अनुसार इस मौसम में ऊमस में बैक्टीरिया व वायरस के पनपने से खतरा बढ़ जाता है. यही वजह है कि ओपीडी में मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं.
वायरस पीड़ित लोगों को जोड़ों में दर्द के साथ पेट दर्द, उलटी व आंखों के पीछे दर्द भी सता रहा है, लेकिन यह दो दिनों में ठीक हो जा रहा है. लेकिन खांसी आठ से 10 दिन बाद भी ठीक नहीं हो रही है. वहीं वायरल के लक्षण कोरोना व डेंगू जैसे होने की वजह से लोग एहतियातन एंटीजन और डेंगू जांच भी करा रहे हैं. राहत की बात यह है कि करीब 98 प्रतिशत की रिपोर्ट निगेटिव आ रही है. इसके अलावा ओपीडी में हाइग्रेड फीवर की शिकायत के साथ ओपीडी में आ रहे मरीजों की डॉक्टर ब्लड जांच कर बीमारी की पुष्टि कर रहे हैं.
फिजिशियन डॉ बिमल कुमार राय कहते हैं की इस समय इलाज संग खान-पान में सुधार की जरूरत है. विटामिन सी के स्रोत वाले फलों का सेवन करें. साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें व संक्रमण वाले व्यक्ति के संपर्क में जाने से बचें. वहीं गले में संक्रमण की वजह से खांसी जल्द ठीक नहीं हो रही है. मरीजों में लगातार बलगम बनता है. इसलिए भी खांसी अधिक दिन तक सताती है.
Also Read: बिलकिस बानो के बलात्कारियों की रिहाई रद्द करने को लेकर बिहार विधानसभा परिसर में प्रदर्शन
-
बुखार, नाक से पानी गिरना, दिन में कई बार छींक आना व जोड़ों में दर्द
-
खांसी 8 से 10 दिन बाद भी ठीक नहीं हो रही है
-
कई बार मरीजों को दिन में कई बार उलटी भी हो रही
-
आंखों के पीछे दर्द भी सता रहा
-
एसी से निकल कर तुरंत धूप में जाने से अौर धूप से एसी में आने से बचें
-
ठंडा पानी पीने से बचें
-
ताजा हल्का व सुपाच्य भोजन खाएं
-
गंदगी से दूर रहें
-
खुले में बिक रही खाद्य सामग्री खाने से परहेज करें
-
वायरस फीवर से पीड़ित मरीज से दूर रहें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




