विजय सिन्हा ने तीन राजस्व अधिकारियों को किया सस्पेंड, बोले- काम में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान विजय सिन्हा
Bihar News: बिहार में हड़ताली राजस्व अधिकारियों पर सरकार ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया है. डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने साफ चेतावनी दी है कि काम में बाधा और अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
Bihar News: बिहार में हड़ताल कर रहे अंचलाधिकारी (CO) और राजस्व अधिकारियों के खिलाफ राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपना लिया है. डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व वाले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है. इनमें अररिया के अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी जितेंद्र पांडे, पटना सदर के अंचलाधिकारी रजनीकांत और पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन के CO आनंद कुमार शामिल हैं.
निलंबन के दौरान तीनों का मुख्यालय पूर्णिया आयुक्त कार्यालय तय किया गया है. यह कार्रवाई बिहार सरकारी सेवा आचार नियमावली 1978 के तहत की गई है.
हड़ताली संघ से जुड़े बताए जा रहे अधिकारी
जानकारी के अनुसार निलंबित किए गए तीनों अधिकारी हड़ताल कर रहे संघ के पदधारक हैं. सरकार इसे अनुशासनहीनता मानते हुए सख्ती बरत रही है. यह कदम बाकी अधिकारियों के लिए भी स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
डिप्टी CM की चेतावनी- काम में बाधा बर्दाश्त नहीं
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने साफ कहा है कि सरकारी कार्यों में बाधा डालने, अनुशासनहीनता करने और भ्रामक बयान देने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने के लिए निलंबन जरूरी कदम है और आगे भी ऐसे फैसले लिए जा सकते हैं.
50% अधिकारी ही कर रहे काम
सरकार के अनुसार फिलहाल राज्य में करीब 50 प्रतिशत राजस्व पदाधिकारी ही काम कर रहे हैं. जिलाधिकारियों और अपर समाहर्ताओं की रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है. ऐसे समय में, जब वित्तीय वर्ष समाप्ति के करीब है, कामकाज का प्रभावित होना सरकार के लिए चिंता का विषय बन गया है.
जनगणना और अन्य कामों पर असर
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग इस समय कई महत्वपूर्ण कार्यों की निगरानी कर रहा है. आगामी 17 अप्रैल से स्व-गणना का कार्य शुरू होना है, जिसकी तैयारियां चल रही हैं. इसके अलावा कई प्रशासनिक अभियान भी जारी हैं. ऐसे में हड़ताल से कामकाज प्रभावित हो रहा है.
काम पर लौटने वालों को राहत का संकेत
सरकार ने संकेत दिया है कि जो अधिकारी जल्द काम पर लौट आएंगे, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी. इससे हड़ताली कर्मचारियों को एक तरह का मौका भी दिया गया है.
भ्रामक बयान पर भी सख्ती
विजय सिन्हा ने यह भी कहा कि मीडिया में गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी. उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी तरह की अराजकता या गुमराह करने वाली गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी.
पूर्व अधिकारी के आचरण की भी जांच
इसी बीच, सेवा छोड़कर राजनीति में आए पूर्व राजस्व पदाधिकारी आदित्य शिवम शंकर के आचरण की जांच का फैसला भी लिया गया है. इसके लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है, जिसमें महेंद्र पाल अध्यक्ष और मोना झा व नवाजिश अख्तर सदस्य होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










