पटना: बाढ़ में दो मासूम लापता, 72 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग; बाइक सवार पर शक

लापता मासूमों की तस्वीर
पटना के बेलछी प्रखंड से दो मासूम बच्चों के स्कूल जाते समय लापता होने की घटना ने इलाके को हिला दिया है. 72 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे परिवार और गांव में गहरा सदमा और आक्रोश है.
Patna News : पटना. बाढ़ के बेलछी प्रखंड के कोरारी गांव से दो मासूम बच्चों के अचानक लापता होने की घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. घटना को 72 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया है. इस मामले ने जहां परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, वहीं गांव में डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है. पुलिस लगातार जांच में जुटी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है.
स्कूल जाते समय गायब हुए दोनों बच्चे
जानकारी के अनुसार, कोरारी गांव के रहने वाले 10 वर्षीय करण कुमार और 11 वर्षीय अमरजीत कुमारी रोज की तरह घर से पढ़ाई के लिए मध्य विद्यालय कोरारी जा रहे थे. स्कूल उनके घर से करीब एक किलोमीटर दूर है.
परिजनों ने बताया कि जब दोनों बच्चे कोरारी पेट्रोल पंप के पास पैक्स भवन के करीब पहुंचे, तभी एक बाइक सवार वहां आया और दोनों को अपने साथ बैठाकर तेजी से निकल गया. इसके बाद से दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल सका है.
परिवार में मातम, गांव में डर और गुस्सा
बच्चों के लापता होने की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घर में चीख पुकार मची हुई है. परिजन रो रोकर बेहाल हैं और बच्चों की सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं.
इधर पूरे गांव में भी इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है. ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है. लोग लगातार प्रशासन से बच्चों को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग कर रहे हैं. घटना को लेकर तरह तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं.
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेलछी थाना पुलिस पूरी तरह एक्टिव हो गई है. थानाध्यक्ष नवीन कुमार खुद इस केस की निगरानी कर रहे हैं. आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बच्चों के बारे में कोई सुराग मिल सके.
पुलिस का कहना है कि तकनीकी टीम भी लगातार काम कर रही है और हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है. संदिग्ध बाइक सवार की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
लोगों से भी मांगी जा रही मदद
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी को बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें. हर छोटी जानकारी भी इस मामले में अहम साबित हो सकती है.
कोरारी गांव से दो मासूमों का इस तरह लापता होना बेहद गंभीर मामला है. तीन दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलना चिंता को और बढ़ा रहा है. अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि दोनों बच्चों को जल्द सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










