ePaper

पीयू छात्र संघ चुनाव : डिबेट में उम्मीदवारों ने सुरक्षा व्यवस्था, हॉस्टल की सुविधा का उठाया मुद्दा

Updated at : 26 Feb 2026 6:55 PM (IST)
विज्ञापन
पीयू छात्र संघ चुनाव : डिबेट में उम्मीदवारों ने सुरक्षा व्यवस्था, हॉस्टल की सुविधा का उठाया मुद्दा

पटना विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव 28 फरवरी को आयोजित की जायेगी.

विज्ञापन

-प्रेसिडेंशियल डिबेट के साथ ही थमा प्रचार का शोर

संवाददाता, पटना

पटना विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव 28 फरवरी को आयोजित की जायेगी. चुनाव से पहले गुरुवार को साइंस कॉलेज में प्रेसिडेंशियल डिबेट का आयोजन हुआ. प्रेसिडेंशियल डिबेट के साथ चुनाव प्रचार थम गया. प्रेसिडेंशियल डिबेट में अध्यक्ष पद के 11 उम्मीदवारों को पांच-पांच मिनट का समय अपनी बात रखने के लिए दिया गया. इस दौरान सभी प्रत्याशियों ने अपने विचारों और एजेंडा से मतदाताओं को प्रभावित करने की पूरी कोशिश की. इनमें कई उम्मीदवारों का भाषण बिल्कुल ही सधा और टू द प्वाइंट रहा. भाषण सुनकर विरोधियों ने भी तालियां बजायीं. अधिकांश लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था, हॉस्टल में सुविधाएं उपलब्ध कराने, विद्यार्थियों के प्लेसमेंट और शिक्षकों की कमी दूर करने की बात कही. इससे पहले कुलपति प्रो नमिता सिंह ने छात्रों को संबोधित किया. उन्होंने सभी उम्मीदवारों और छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की पहचान छात्रों से होती है. छात्र विश्वविद्यालय की गरिमा को बचाये रखें. उन्होंने कहा कि इस मंच पर छात्रों द्वारा जो मुद्दे उठाएं गए हैं, उनको विश्वविद्यालय स्तर पर पूरा करने का प्रयास किया जायेगा. चुनाव में सभी सहयोग आवश्यक है. छात्रों के बिना सहयोग के चुनाव संपन्न नहीं हो सकता. उन्होंने आम विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वोट करने की अपील की. कुलपति ने कहा कि छात्रों का भविष्य का उनके हाथों में है. हमें उम्मीद है कि यहां के विद्यार्थी विश्वविद्यालय की पुरानी गरिमा को वापस लाने में सहयोग करेंगे. हम सभी मिलकर एक ऐसी परंपरा विकसित करेंगे कि पटना विश्वविद्यालय का नाम एक बार फिर पूर दुनिया में अपनी अलग पहचान स्थापित करे.

छात्र संगठनों ने किया शक्ति का प्रदर्शन

प्रेंसिडेंशियल डिबेट के बहाने छात्र संगठनों ने शक्ति का प्रदर्शन किया. आचार संहिता का उल्लंघन भी देखने को मिला. एक पार्टी के प्रत्याशी गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ कैंपस में पहुंचे और सभा स्थल में गाड़ियों से कई राउंड लगाये. वहीं एक अन्य पार्टी के उम्मीदवार ने ओपन जीप व अन्य गाड़ियों के साथ शक्ति का प्रदर्शन किया. उनके साथ आये समर्थकों ने अपने-अपने पक्ष में जमकर नारेबाजी की. नारेबाजी के दौरान झंडा और बैनर का खूब इस्तेमाल किया. कुछ उम्मीदवार महंगी गाड़ी से सभा स्थल पर आये. जिनको थोड़ी देर बाद ही विश्वविद्यालय ने सभा स्थल से बाहर कर दिया. विभिन्न छात्र संगठनों के छात्रों ने अपने उम्मीदवार के समर्थन में पर्चों को हवा में उड़ाया. कुछ उम्मीदवार अपने पार्टी का झंडा शरीर पर लपेट कर डिबेट में भाग लेने आये थे.

सुबह 8:30 बजे से शुरू होगा मतदान

पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 28 फरवरी को होगा. मतदान प्रक्रिया सुबह 8:30 बजे से शुरू हो जायेगी. आम छात्र दोपहर 2:30 तक मतदान करेंगे. इसी दिन शाम 4:10 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी. इसी दिन देर रात परिणाम जारी कर दिया जायेगा. मतों की गिनती कला-शिल्प महाविद्यालय में होगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रो शंकर कुमार ने बताया कि वोटर उम्मीदवार के क्रम संख्या के आगे बॉल पेन से क्रॉस का चिह्न लगायेंगे. प्लस या अन्य निशान लगाने पर मतदान रद्द हो जायेगा. उन्होंने बताया कि 14 निर्वाचन इकाई के लिए कुल 41 बूथ बनाये गये हैं. मतदान केंद्रों पर बैलेट बॉक्स पहुंचाने का काम शुरू हो गया है.

एक वोटर छह बार करेंगे वोट

सेंट्रल पैनल के लिए कुल पांच और काउंसेलर के 22 पदों के लिए चुनाव होगा. सेंट्रल पैनल के बैलेट बॉक्स अलग-अलग कलर के होंगे. जिस कलर के मतपत्र होंगे उसी कलर बैलेट बॉक्स में मतदान करना है. एक वोटर छह बार अलग-अलग बैलेट बाक्स में मतदान करेंगे. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतपत्र को मतदान केंद्र पर सील कर दिया जायेगा.

विज्ञापन
AMBER MD

लेखक के बारे में

By AMBER MD

AMBER MD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन