पटना में वट सावित्री पूजा के दौरान बरगद के पेड़ में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

सावित्री पूजा के दौरान बरगद के पेड़ में लगीआग
Patna News: पटना के फतुहा प्रखंड कार्यालय परिसर में वट सावित्री पूजा के दौरान बरगद के पेड़ में भीषण आग लग गई. जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हालांकि राहत की बात रही कि इस घटना में कोई श्रद्धालु हताहत नहीं हुआ.
Patna News: राजधानी पटना के फतुहा प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को वट सावित्री पूजा के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पूजा के दौरान परिसर में स्थित प्राचीन बरगद के पेड़ में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात रही कि इस घटना में कोई श्रद्धालु हताहत नहीं हुआ।
पूजा के दौरान दीये की लौ से लगी आग
शनिवार को वट सावित्री व्रत के अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाएं बरगद के पेड़ के पास पूजा-अर्चना कर रही थीं। महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के साथ पेड़ के चारों ओर कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा कर रही थीं। इसी दौरान पूजा में जलाए गए घी के दीये की लौ पेड़ में बंधे सूखे धागों के संपर्क में आ गई, जिससे आग लग गई।
देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगा पेड़
सूखे धागों के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में बरगद का पेड़ सुलगने लगा। आग की लपटें उठती देख पूजा कर रहीं महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी पूजा सामग्री छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद परिसर में मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक पेड़ का निचला हिस्सा और पूजा सामग्री जलकर राख हो चुकी थी।
समय रहते टला बड़ा हादसा
घटना में किसी के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते श्रद्धालु सुरक्षित दूरी पर हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद परिसर में काफी देर तक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










