फुलवारी शरीफ में इकलौते बेटे की मौत पर मुसहरी में बवाल, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस पर हमला

Updated:
विज्ञापन
patna news

मौत के बाद शोकाकुल परिजन

Patna News: पटना के फुलवारी शरीफ प्रखंड अंतर्गत मंझौली मुसहरी में 13 वर्षीय आदित्य कुमार की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद इलाके में भारी तनाव है. मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस और मीडिया कर्मियों पर हमला कर दिया.

विज्ञापन

Patna News: (अजीत कुमार की रिपोर्ट) फुलवारी शरीफ प्रखंड के मंझौली मुसहरी में 13 वर्षीय आदित्य कुमार की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजन और स्थानीय लोग इस मौत को लेकर कई गंभीर सवाल उठा रहे हैं. घटना के बाद मुसहरी पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों पर आक्रोशित लोगों ने हमला भी कर दिया था, लेकिन स्थानीय जिला परिषद सदस्य दीपक मांझी के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामले को शांत कराया गया. इस दौरान कवरेज करने पहुंचे कई मीडिया कर्मियों को भी लोगों का भारी आक्रोश झेलना पड़ा.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के पिता सुदर्शन मांझी ने बताया कि आदित्य गांव के समीप ही बकरी चराने गया था. परिजनों के अनुसार, वह अपने साथ एक दुपट्टा भी लेकर गया था, जिससे वह एक छोटे पेड़ की डाल पर झूला बनाकर झूलना चाहता था. लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खौफनाक सूचना परिवार को मिली. घटना के बाद जहां प्रारंभिक तौर पर इसे एक हादसा बताया जा रहा है, वहीं परिवार के लोग इस बात को मानने को तैयार नहीं हैं. परिजनों का सीधा आरोप है कि आदित्य की किसी ने हत्या की है और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया. उन्होंने प्रशासन से मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की गुहार लगाई है.

परिजनों ने की मुआवजे की मांग

मृतक की चाची बछिया देवी ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी जल्दबाजी दिखाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी अब तक पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की सरकारी राहत या मुआवजा नहीं मिला है. परिजनों का यह भी कहना है कि सोशल मीडिया पर इस संवेदनशील घटना को जिस तरह गलत ढंग से पेश किया गया है, उससे वे बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं. मुसहरी के स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पुलिस को सभी पहलुओं से जांच करनी चाहिए ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके.

पुलिस ने दर्ज किया यूडी केस

इधर, मामले को लेकर फुलवारी शरीफ थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अब तक हत्या का आरोप लगाते हुए कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस ने फिलहाल यूडी (अपमृत्यु) केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है. थाना अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल, पूरे गांव की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिसिया जांच पर टिकी हुई है, जबकि इकलौते बेटे को खो चुका परिवार गहरे सदमे में न्याय का इंतजार कर रहा है.

Also Read: ‘सरकार विपक्ष को टारगेट कर रही’, RJD नेता ने लगाया आरोप- मुख्यमंत्री PM से भी बड़े बंगले में रह रहे

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन