पटना में हथियार के बल पर 27 लाख की लूट, कैश वैन को अपराधियों ने बनाया निशाना

पटना में लूट के बाद मौके पर पहुंची पुलिस.
Patna News : पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर एक कैश वैन से 27 लाख रुपये की बड़ी लूट की. पटना-मसौढ़ी मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों की तलाश में जुटी है.
Patna News (नितिश कुमार): पटना में अपराधियों के हौसले सातवें आसमान पर हैं. बुधवार को गोपालपुर थाना क्षेत्र के पटना-मसौढ़ी मुख्य मार्ग पर बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कैश वैन को अपना निशाना बनाया और हथियार के बल पर 27 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए. इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बीच सड़क पर वैन रोककर मचाया तांडव
मिली जानकारी के अनुसार, कैश वैन पटना-मसौढ़ी रोड से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे बीच सड़क पर ही ओवरटेक कर रोक लिया. बदमाशों ने वैन के गार्ड, चालक और अन्य कर्मियों पर हथियार तान दिए. जान से मारने की धमकी देते हुए अपराधियों ने वैन में रखे 27 लाख रुपये अपने कब्जे में लिए और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.
मौके पर पहुंचे अधिकारी, सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू
वारदात के तुरंत बाद कर्मियों ने अपनी एजेंसी और पुलिस को सूचना दी. लूट की बड़ी खबर मिलते ही सदर डीएसपी (2) रंजन कुमार और गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे. पुलिस ने आसपास के इलाकों की नाकेबंदी कर दी है.
सदर डीएसपी (2) रंजन कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया है. घटनास्थल और भागने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही अपराधियों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पटना में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
पटना में कैश मैनेजमेंट कंपनियों को निशाना बनाने का यह पहला मामला नहीं है. अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का अंदाजा पिछली घटनाओं से लगाया जा सकता है. इसी साल मार्च के महीने में पाटलिपुत्र थाने के अल्पना मार्केट के पास कैश कर्मी से 20 लाख की लूट हुई थी. वर्ष 2023 में भी एक मामला सामने आया था जब आलमगंज इलाके में सिक्योर वैल्यू कैश कंपनी का चालक ही वैन में रखे 1.5 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया था.
Also Read: गया के डुमरिया में ज़मीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 5 घायल, 2 की हालत नाजुक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










