एक्शन मोड में पटना डीएम, एक साथ चार अधिकारियों की लगा दी क्लास!

पटना डीएम चंद्रशेखर सिंह
Patna News: राजधानी पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने लोगों की शिकायत दूर करने में लापरवाही बरतने को लेकर अधिकारियों पर एक्शन लिया है. साथ ही सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है. पढ़ें पूरी खबर…
Patna News: राजधानी पटना के डीएम डा. चंद्रशेखर सिंह इनदिनों एक्शन मोड में हैं. एक बार फिर उन्होंने चार पदाधिकारियों पर कार्रवाई की है. लोक शिकायत के निवारण में सुस्ती बरतने को लेकर डीएम ने फुलवारीशरीफ और घोसवरी सीओ पर जुर्माना लगाया है. साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा है. दानापुर अंचल अधिकारी और सुनवाई से अनुपस्थित रहने के कारण मसौढ़ी थानाध्यक्ष से भी जवाब-तलब किया गया है. थानेदार के मामले में अगली सुनवाई में वरीय पुलिस अधीक्षक खुद उपस्थित रहेंगे.
6 महीने से पेंडिंग था दाखिल-खारिज का मामला
फुलवारीशरीफ के रहने वाले अमोद बिहारी सिन्हा की शिकायत दाखिल-खारिज से संबंधित थी. पीड़ित ने सदर अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के पास 11 नवंबर 2024 को ही परिवाद दायर किया था. अब तक परिवाद दायर किये लगभग छह महीने हो गए हैं, मामला अंचल अधिकारी के स्तर पर ही पेंडिंग है. इसको लेकर जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी पर एक हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया और उनसे शोकॉज किया गया.
परिमार्जन से संबंधित था मामला
दूसरा मामला घोसवरी के करकायन का है, जहां के रहने वाले मुरारी मोहन की शिकायत परिमार्जन को लेकर थी. इस मामले में घोसवरी सीओ की रिपोर्ट भी स्पष्ट नहीं थी. इसको लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि अंचल अधिकारी की यह कार्यशैली अत्यंत आपत्तिजनक है. जिलाधिकारी ने उनपर भी एक हजार रुपए का आर्थिक दंड लगाते हुए स्प्ष्टीकरण मांगा है.
थानाध्यक्ष पर कार्रवाई
ऐसा ही एक मामला बिक्रम प्रखंड के बाघाकोल से सामने आया है, जहां दाखिल-खारिज के मामले में द्वितीय अपील में वाद दायर किया था. इसमें दानापुर के अंचल अधिकारी की उदासीनता सामने आई. करीब पांच महीने से मामला उनके स्तर पर ही पेंडिंग है. इस मामले में भी सीओ से स्पष्टीकरण के साथ सुनवाई की अगली तिथि में कार्रवाई प्रतिवेदन के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा मसौढ़ी थानाध्यक्ष पर भी लापरवाही का आरोप लगा है. बार-बार आवेदन और साक्ष्य देने के बावजूद एफआइआर दर्ज नहीं करने की बात सामने आई है. जिलाधिकारी ने उसे भी स्पष्टीकरण मांगा है.
ALSO READ: “ए भोले बाबा, मेरा बच्चा लौटा दीजिए…”, शिवलिंग पर बेटे का शव रखकर जिंदगी की भीख मांगती रही मां
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










