ePaper

"ए भोले बाबा, मेरा बच्चा लौटा दीजिए…", शिवलिंग पर बेटे का शव रखकर जिंदगी की भीख मांगती रही मां

Updated at : 13 Apr 2025 9:18 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar News

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक मां अपने बेटे का शव लेकर शिव मंदिर पहुंची, जहां उन्होंने शव को शिवलिंग पर रख दिया और भोले नाथ से बच्चे को वापस लौटाने की गुहार लगाती रही. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Bihar News: “ए भोले बाबा, मुझे मेरा बच्चा लौटा दीजिए” एक मां अपने मृत बच्चे का शव शिवलिंग पर रखकर भगवान से उसे जिंदा कर देने की गुहार लगा रही है. यह नजारा देखकर आपका भी मन विचलित हो जाएगा. मां अपने बच्चे का शव शिवलिंग पर रखकर मंदिर के दीवार पर अपना सिर पटकने लगी. महिला के सिर से खून भी निकलने लगा, इसके बावजूद भी वह नहीं रुकी और लगातार भोले बाबा से अपने बच्चे की सलामती की गुहार लगाती रही. दरअसल, पूरी घटना मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थानाक्षेत्र की है, जहां बुखार से पीड़ित 4 साल के बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो जाती है.

शिवलिंग पर शव रखकर लगा रही थी गुहार

बच्चे की मौत के बाद मां ने डॉक्टरों से गुहार लगाई और पैर पकड़कर कहती रही कि मेरे बेटे को जिंदा कर दीजिए. डॉक्टर कुछ नहीं बोला तो रोते बिलखते बच्चे का शव लेकर मंदिर पहुंच गई. वहां शिवलिंग पर बेटे का शव रखकर मंदिर के दीवार पर सिर पटकने लगी. मृत बच्चे की मां लगातार भगवान से गुहार लगाती रही कि मुझे मेरा बच्चा लौटा दीजिए. महिला के सिर से खून बहने लगा. इसके बाद स्थानीय लोगों ने महिला को मंदिर से निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा. जानकारी के अनुसार, महिला के बड़े बेटे कार्तिक को बीते 3 दिन से तेज बुखार था. मां (प्रीति) ने 10 अप्रैल को शहर के निजी अस्पताल में बच्चे को भर्ती कराया. वहां डॉक्टर ने उसका ब्लड टेस्ट और अल्ट्रासाउंड किया, लेकिन कार्तिक ठीक नहीं हुआ. 11 अप्रैल को मां ने उसे दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया. यहां एक्स रे और अन्य जांच भी की गई. रिपोर्ट आने से पहले ही बच्चे की मौत हो गई.

किसी ने मेरी नहीं सुनी

पीड़ित महिला प्रीति देवी ने कहा, “हम अपने बच्चे को दूसरे अस्पताल में ले गए, वहां उसे दवा दी गई. जिसके बाद मेरे बच्चे ने दम तोड़ दिया. इसके बाद डॉक्टरों ने मुझे भगा दिया. मैंने डॉक्टरों से बहुत गुहार लगाई, लेकिन किसी ने मेरी नहीं सुनी. इसके बाद मैं अपने बच्चे को लेकर मंदिर चली गई और उसे वहीं रख दिया.”

इलाज में नहीं हुई कोई लापरवाही

वहीं पूरे मामले को लेकर निजी अस्पताल के केयर टेकर रंजन मिश्रा ने बताया कि कल शाम में बच्चा भर्ती हुआ था. उसे तेज बुखार था. ICU में उसका इलाज चल रहा था. इसी बीच उसकी मौत हो गई. इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई है.”

ALSO READ: बहन की शादी में बचे थे कुछ ही दिन, कमा कर आ रहा था भाई, रास्ते में बदमाशों ने लूटा

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन