पटना में 103 अधिकारियों पर गिरी गाज, DM ने इस वजह से कर दी बड़ी कार्रवाई

Published by :Anshuman Parashar
Published at :20 May 2025 9:16 AM (IST)
विज्ञापन
Patna

Patna (DM डॉ. चंद्रशेखर सिंह)

Patna: पटना में लोक शिकायतों को नजरअंदाज करना 103 अफसरों पर भारी पड़ गया. जिलाधिकारी की सख्त कार्रवाई में इन अधिकारियों पर 2.85 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है. देरी पर प्रशासन ने स्पष्ट किया—अब लापरवाही नहीं चलेगी, जवाबदेही तय होगी.

विज्ञापन

Patna: पटना में जनता की शिकायतों को नजरअंदाज करने वाले अधिकारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत अब तक जिले में 103 अफसरों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो चुकी है. इनसे कुल 2,85,800 रुपए की वसूली की जा रही है. DM डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सोमवार को RTPS और जनशिकायत निवारण से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी.

हर लेवल पर निगरानी: लंबित शिकायतों पर सीधी नजर

जिलाधिकारी को जानकारी दी गई कि अब तक 10,655 में से 10,449 अपीलों का निष्पादन हो चुका है. लेकिन फिलहाल 2,146 शिकायतें अब भी लंबित हैं. इनमें से 301 मामले 30 कार्यदिवस से ज्यादा और 160 मामले 45 कार्यदिवस से अधिक समय से अटके हुए हैं. राहत की बात यह रही कि 60 कार्य दिवस से अधिक समय से कोई शिकायत लंबित नहीं है.

वेतन से होगी वसूली, 25 पर अनुशासनात्मक जांच की संस्तुति

जिन अधिकारियों पर जुर्माना लगा है, अगर वे समय पर राशि नहीं जमा करते हैं, तो उनके वेतन से सीधे कटौती की जाएगी. साथ ही, 25 अधिकारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश भी की गई है. जिलाधिकारी ने साफ कहा—जनता के साथ लापरवाही करने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे.

अतिक्रमण मामलों में भी ढिलाई, धनरुआ और दानापुर निशाने पर

बैठक में अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई. बताया गया कि श्रेणी-सी के तहत अब भी 396 अतिक्रमण वाद लंबित हैं. इनमें सबसे ज्यादा मामले धनरुआ, पुनपुन और दानापुर अंचल से हैं. 47 मामलों में तो अब तक रिपोर्ट तक नहीं दी गई है. DM ने आदेश दिया कि सभी अंचल कार्यालय जल्द इन मामलों को खत्म करें और ‘जीरो पेंडेंसी’ पर काम करें.

Also Read: नाबालिग बहू की शिकायत पर पड़ी रेड, पटना में जिस्मफरोशी के धंधे का बड़ा खुलासा

प्रशासन का साफ संदेश: जवाबदेही नहीं टाली जाएगी

डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने दो टूक कहा—“शिकायतों के निष्पादन में टालमटोल की कोई जगह नहीं है. जनता की आवाज़ को गंभीरता से लेना ही लोकतंत्र की असली पहचान है. जो अफसर समयसीमा में काम नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई तय है.”

विज्ञापन
Anshuman Parashar

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन