पटना के दीघा में खुलेंगी 50 ब्रांडेड दुकानें, 200 प्री-फैब्रिकेटेड शॉप्स शहर के पार्कों में लगेंगी
दीघा वेंडिंग का मॉडल
दीघा गोलंबर के पास बन रहे वेंडिंग जोन में बड़ा बदलाव हुआ है. अब यहां 50 ब्रांडेड दुकानें खुलेंगी, जिनमें मैकडॉनल्ड्स, केएफसी जैसे नामी ब्रांड्स शामिल होंगे. यह पटना का नया पर्यटन और मनोरंजन केंद्र बनेगा.
Patna Digha Vending Zone: दीघा गोलंबर के पास बन रहे अत्याधुनिक दीघा वेंडिंग जोन की योजना में बड़ा बदलाव किया गया है. पहले यहां 250 दुकानें स्थापित करने की योजना थी, लेकिन अब केवल 50 ब्रांडेड दुकानों को ही वेंडिंग जोन में जगह मिलेगी. इन आधुनिक दुकानों को करीब 7.17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है. इस परियोजना का शिलान्यास हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया है.
आपके शहर में
बड़े ब्रांड्स के आउटलेट्स बनेंगे आकर्षण का केंद्र
करीब 55 हजार वर्ग फुट में विकसित हो रहे इस वेंडिंग जोन को पटना के प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है. यहां लोगों को महानगरों की तर्ज पर आधुनिक फूड कोर्ट का अनुभव मिलेगा. प्रस्तावित दुकानों में मैकडॉनल्ड्स, केएफसी, डोमिनोज, सबवे समेत कई नामी ब्रांड्स के आउटलेट्स खुलने की योजना है. इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
जेपी गंगा पथ के वॉकवे पर मिलेगा खास अनुभव
दीघा वेंडिंग जोन में ब्रांडेड आउटलेट्स के साथ स्थानीय वेंडरों को भी दुकानें आवंटित की जाएंगी. यहां आने वाले लोग अलग-अलग व्यंजनों का आनंद लेने के साथ करीब 4.59 किलोमीटर लंबे जेपी गंगा पथ के वॉकवे पर हरियाली के बीच सैर का आनंद भी उठा सकेंगे. शाम के समय यह इलाका पटना की नई नाइट लाइफ का प्रमुख केंद्र बनने की तैयारी में है.
फुट ओवरब्रिज, पार्किंग और आधुनिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध
परियोजना के तहत वेंडिंग जोन को एक आधुनिक कमर्शियल और एंटरटेनमेंट हब के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां फुट ओवरब्रिज, वाहनों के लिए पार्किंग, आधुनिक शौचालय, शुद्ध पेयजल, पार्क और एंटरटेनमेंट जोन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. पूरे परिसर को आकर्षक बनाने के लिए रंगीन फसाड लाइटिंग भी लगाई जाएगी.
200 प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें शहर के पार्कों में लगेंगी
पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड (पीएससीएल) की पुरानी योजना के तहत तैयार 200 प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें अब राजधानी के विभिन्न पार्कों में स्थापित की जाएंगी. फिलहाल ये दुकानें गर्दनीबाग हाई स्कूल के पास रखी गई हैं. पीएससीएल और जीविका के सहयोग से इन दुकानों में सुधा बूथ समेत अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़ी दुकानें खोली जाएंगी, ताकि पार्कों में आने वाले लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकें.
ALSO READ: पटना: काम दिलाने का झांसा देकर राजस्थान में महिला और दो बेटियों को बेचा, गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए