पटना साहिब में गुरु अर्जुन देव जी के 420वें शहीदी पर्व पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, छबील और लंगर सेवा में जुटी संगत

Edited by Karuna Tiwari
Updated:
विज्ञापन

तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब

Patna City News: सिख पंथ के पांचवें गुरु श्री अर्जुन देव जी महाराज के 420वें शहीदी पर्व पर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब समेत विभिन्न गुरुद्वारों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा. इस अवसर पर विशेष दीवान सजाया गया, गुरुवाणी का पाठ और कीर्तन हुआ तथा संगत की ओर से छबील और लंगर की सेवा दी गई.

विज्ञापन

अमिताभ श्रीवास्तव, पटना सिटी
Patna City News:
श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की जन्मस्थली तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में पांचवें गुरु श्री अर्जुन देव जी महाराज के 420वें शहीदी पर्व को लेकर विशेष दीवान सजाया गया. इससे पहले दो दिनों से चल रहे श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ की समाप्ति अतिरिक्त मुख्य ग्रंथी ज्ञानी दिलीप सिंह की देखरेख में अरदास के साथ हुई.

रागी जत्थों ने किया गुरुवाणी का गायन

विशेष दीवान में हुजूरी रागी जत्था के भाई अरविंद सिंह निगरुण, ज्ञानी नविंदर सिंह, भाई हरभजन सिंह और भाई जोगिंदर सिंह ने गुरुवाणी का गायन किया. वहीं आशा दी वार का गायन भाई हरभजन सिंह तथा शबद कीर्तन भाई बिक्रम सिंह ने प्रस्तुत किया. संगत ने श्रद्धा भाव से कीर्तन का आनंद लिया.

गुरु महाराज के जीवन दर्शन पर हुई कथा

कथावाचक ज्ञानी दलजीत सिंह और ज्ञानी गगनदीप सिंह ने गुरु अर्जुन देव जी महाराज के जीवन दर्शन, त्याग और बलिदान पर प्रकाश डाला. तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने शस्त्र दर्शन कराए और विश्व शांति के लिए अरदास की. उन्होंने कहा कि गुरु महाराज का सिद्धांत समाज को एकता, भाईचारे और अखंडता के सूत्र में बांधने का संदेश देता है.

बाल लीला गुरुद्वारा में भी मनाया गया शहीदी पर्व

बाल लीला गुरुद्वारा में चल रहे त्रिदिवसीय श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ की समाप्ति के बाद बाबा गुरविंदर सिंह ने विश्व शांति के लिए अरदास की. इस दौरान सुखमणि साहिब का पाठ और कीर्तन भी किया गया. वहीं गुरुवाणी प्रचार सेवा केंद्र में प्रो. लाल मोहर उपाध्याय की अध्यक्षता तथा बेबी कुमारी और छोटू तिवारी के संचालन में भी शहीदी पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया.

दर्जनों स्थानों पर लगी छबील, राहगीरों को पिलाया गया शर्बत

शहीदी पर्व के अवसर पर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब, बाल लीला मैनी संगत गुरुद्वारा, कंगन घाट गुरुद्वारा, गुरु के बाग तथा गायघाट बड़ी संगत गुरुद्वारा समेत दर्जनों स्थानों पर छबील की सेवा दी गई. संगत के सदस्यों ने राहगीरों को मीठा शर्बत पिलाकर सेवा भाव का परिचय दिया.

लंगर सेवा में उमड़ी संगत

पर्व के दौरान विभिन्न गुरुद्वारों में लंगर का भी आयोजन किया गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लंगर ग्रहण किया और सेवा कार्यों में हिस्सा लिया. पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों और सेवा कार्यों के कारण गुरुद्वारों में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा.

ALSO READ: पटना में युवक को ऑनलाइन डेटिंग पड़ी महंगी, विदेशी लड़की ने प्यार के नाम पर लूटे लाखों रुपये

विज्ञापन
Karuna Tiwari

लेखक के बारे में

By Karuna Tiwari

करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन