पटना: जीविका दीदियों की पहल से फतुहा में 807 लीटर विदेशी शराब बरामद, विरोध करने पर धमकी का आरोप
जीविका दीदियों ने किया शराब का विरोध
पटना के फतुहा में जीविका दीदियों ने अवैध शराब के खिलाफ आवाज उठाई. उनकी जागरूकता रैली से मिली सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर 807 लीटर विदेशी शराब बरामद की. इस कार्रवाई से स्थानीय शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
Patna News : पटना. राजधानी के फतुहा थाना क्षेत्र के घोरनपुरा गांव में गुरुवार को जीविका दीदियों की पहल पर अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई. जनजागरण रैली के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक बंद मकान में छापेमारी कर 807 लीटर विदेशी शराब बरामद की. इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं ग्रामीणों में भी पुलिस कार्रवाई को लेकर भरोसा बढ़ा है.

जनजागरण रैली के दौरान मिली बड़ी सूचना
जानकारी के अनुसार जीविका दीदियों ने गांव में शराबबंदी को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रैली निकाली थी. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उन्हें जानकारी दी कि घोरनपुरा में एक बंद पड़े मकान के अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए जीविका दीदियों ने तुरंत फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन और एसडीपीओ अवधेश कुमार को इसकी जानकारी दी.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर छापेमारी शुरू कर दी. बंद मकान की तलाशी के दौरान वहां से शराब की बड़ी खेप बरामद हुई, जिसे देख पुलिस भी चौंक गई.
बीयर और व्हिस्की की बड़ी खेप जब्त
छापेमारी के दौरान कुल 807 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई. इसमें 419 लीटर बीयर शामिल है, जबकि बाकी मात्रा में विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की पाई गई. पुलिस ने मौके से शराब की पेटियों को जब्त कर एक पिकअप वाहन पर लादकर थाना भेज दिया. हालांकि, इस मामले में किसी तस्कर की गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली है, लेकिन पुलिस आगे की जांच में जुट गई है.

इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में शराब माफियाओं के बीच खलबली मच गई है. ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इलाके में इस तरह की अवैध गतिविधियां सामने आई हैं.
ग्रामीणों ने जताई चिंता, धमकी का आरोप
घोरनपुरा गांव के लोगों ने बताया कि आसपास के सिकंदरपुर गांव में भी बड़े पैमाने पर अंग्रेजी और देसी शराब का अवैध कारोबार चल रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि जब भी कोई इस धंधे का विरोध करता है, तो शराब माफिया उन्हें डराने-धमकाने लगते हैं. इस वजह से कई लोग खुलकर सामने आने से कतराते हैं.
पटना समेत राज्य में 1000 सिपाहियों की भर्ती, अवैध खनन पर कसेगा शिकंजा, अलग कैडर बनाने की तैयारी
हालांकि, जीविका दीदियों की सक्रियता और पुलिस की तत्परता से अब लोगों में उम्मीद जगी है कि अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगेगी.
पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन ने स्पष्ट किया कि शराब तस्करों और कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अवैध शराब कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि कोई माफिया ग्रामीणों को धमकाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर आरोपियों की संपत्ति जब्त करने यानी कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बेखौफ होकर अवैध गतिविधियों की सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
Also Read : पटना में आज मेगा जॉब कैंप, युवाओं की नौकरी की तलाश खत्म; कई कंपनियां करेंगी चयन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










