बिहार को मिले विशेष सौगात से गदगद हुए नीतीश के MP, बोले- लंबी छलांग लगाने को हम तैयार
Published by : Paritosh Shahi Updated At : 01 Feb 2025 4:10 PM
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और नीतीश कुमार
Special Gift For Bihar: मोदी सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल के पहले पूर्ण बजट में बिहार के लिए कई बड़ी घोषणाएं की. इस साल बिहार विधानसभा चुनाव भी है. ऐसे में अन्य राज्यों के विपक्षी दल के नेता इसे बिहार चुनाव से जोड़कर निशाना साध रहे हैं. अब जदयू एमपी ने इसे बिहार को विकसित राज्य बनाने वाले बजट बताया है.
Special Gift For Bihar: जदयू से राज्य सभा सांसद संजय झा ने बजट 2025 को ऐतिहासिक बताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2025 में जहां मध्यवर्ग को आयकर में बड़ी राहत दी गई है, वहीं युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के हित में सर्वसमावेशी दृष्टिकोण के साथ अनेक दूरगामी फैसले लिये गये हैं. यह बजट मिथिला और बिहार के लिए कई महत्वपूर्ण सौगात लेकर आया है. इन सौगातों से जहां प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी, वहीं युवाओं, किसानों और उद्यमियों की आय में वृद्धि के लिए नये मार्ग भी खुलेंगे. हमें खुशी है कि नये एयरपोर्ट सहित बिहार की महत्वपूर्ण जरूरतों के संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा विभिन्न अवसरों पर दिये गये सुझावों को इस बजट में समाहित किया गया है. कुल मिलाकर यह बजट देश में विकास की क्षेत्रीय असमानता को कम करने तथा बिहार को विकसित प्रदेश बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा.”
विरोध करने वालों पर साधा निशाना
बजट को बिहार विधानसभा चुनाव से जोड़ने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए संजय झा ने कहा, “दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि जिन दलों की केंद्र सरकारों ने आजादी के बाद दशकों तक बिहार की घोर उपेक्षा की थी, उसके नेता केंद्रीय बजट 2025-26 में बिहार को मिली विशेष सौगातों से विचलित हो रहे हैं और इसे ‘बिहार का बजट’ बता रहे हैं. मखाना हमारे मिथिला का एक प्रमुख कृषि उत्पाद ही नहीं, पहचान भी है। देश-दुनिया में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में बजट में बिहार में मखाना बोर्ड की स्थापना का ऐलान एक क्रांतिकारी फैसला है. मखाना बोर्ड की स्थापना से जहां मखाना के उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं मखाना किसानों को वैश्विक बाजार में अपनी उपज को बेहतर मूल्य प्राप्त होगा. यह कदम मिथिला के किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा, और बिहार के कृषि क्षेत्र में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा.”
बाढ़ के प्रभाव को कम करने के लिए होगा प्रयास
जदयू एमपी ने आगे लिखा, “पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के लिए सहायता की आस भी इस बजट से पूरी हुई है. यह सिंचाई परियोजना मिथिला और आसपास के क्षेत्र में कृषि के विकास के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है. बजट घोषणा से अतिरिक्त 50,000 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी, जिससे मिथिला में कृषि उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आय में सुधार होगा। साथ ही कोसी नदी की बाढ़ का प्रभाव भी कम होगा.”
बिहार से विदेश के लिए शुरू होगी विमान सेवा
संजय झा ने कहा, “बिहार में विमान सेवाओं का विस्तार करने की दिशा में भी वित्त मंत्री ने अहम घोषणाएं की हैं. बिहार में एक ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ ही पटना एयरपोर्ट के विस्तार की घोषणा अत्यंत महत्वपूर्ण है. इन घोषणाओं से बिहार में एयर कनेक्टिविटी में सुधार होगा और विदेश के लिए भी सीधी उड़ान सेवा शुरू होगी. इससे राज्य में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों का आवागमन बढ़ेगा और प्रदेश के विकास में नये आयाम जुड़ेंगे.”
बिहार की तजा खबरों के लिए क्लिक करें
लंबी छलांग लगाने को तैयार बिहार
जदयू एमपी ने लिखा, “पटना आईआईटी के विस्तार और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी जैसे नए शिक्षण संस्थानों की स्थापना की घोषणा से बिहार में शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में और अधिक उन्नति होगी. बिहार के छात्रों को बिहार में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध के अवसर मिलेंगे, जिससे राज्य की युवाओं की क्षमता को एक नई दिशा मिलेगी. कुल मिलाकर बजट में जो दूरगामी फैसले लिये गये हैं, उनसे सभी वर्गों और तबकों को खुशी हुई है. बिहार के हित में जो विशेष घोषणाएं की गई हैं, उनके बिहार के विकास की गति और तेज होगी. केंद्रीय बजट में बिहार को पिछले साल ढांचागत विकास के लिए मिली विशेष सहायता के बाद इस साल फिर से बिहार पर विशेष ध्यान दिये जाने के आधार पर हम यकीन के साथ कह सकते हैं कि बिहार को विकसित एवं आत्मनिर्भर प्रदेश बनाने के नीतीश कुमार के प्रयासों को नया बल मिलेगा और अगले पांच साल में बिहार विकास की एक बड़ी छलांग लगाएगा. बिहार के विकास से विकसित भारत के निर्माण के मोदी सरकार के प्रयासों को बल मिलेगा.”
इसे भी पढ़ें: Budget 2025: ‘बिहार, बिहार, बिहार, बिहार…’, जानें ममता की MP ने बजट पर क्यों कहीं ये बात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










