पटना रहमतगंज में 10 दिनों से सड़क पर पड़े नाले के स्लैब, वैकल्पिक मार्ग बना खतरे का रास्ता

सड़क पर ही नाले के स्लैब
मसौढ़ी शहर में आरओबी निर्माण के साथ-साथ नगर परिषद की लापरवाही ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. रहमतगंज में 10 दिनों से नाले के स्लैब सड़क पर पड़े हैं, जिससे वैकल्पिक मार्ग आवागमन के लिए खतरनाक हो गया है. स्थानीय लोगों में रोष है.
Patna News : मसौढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के कारण पहले से यातायात की परेशानी झेल रहे मसौढ़ी शहर के लोगों की मुश्किलें अब नगर परिषद की लापरवाही से और बढ़ गई हैं. नगर परिषद क्षेत्र के रहमतगंज मोहल्ले में भूमिगत नाले के स्लैब हटाकर पिछले करीब 10 दिनों से सड़क पर ही छोड़ दिए गए हैं. इससे सड़क संकरी और खतरनाक हो गई है. छोटे चारपहिया वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है, जबकि यही सड़क इन दिनों शहर के कई मोहल्लों से पटना, गया और विभिन्न सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने का प्रमुख वैकल्पिक मार्ग बनी हुई है.
न बैरिकेडिंग, न चेतावनी बोर्ड
रहमतगंज सड़क पर कई स्थानों पर नाले के स्लैब खुले पड़े हैं. न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही लोगों को सतर्क करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है. बाइक सवार, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 10 दिनों से स्थिति जस की तस बनी हुई है, लेकिन नगर परिषद की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई.
आपात स्थिति में बढ़ सकता है खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरओबी निर्माण के चलते शहर का मुख्य मार्ग पहले से प्रभावित है. ऐसे में वैकल्पिक सड़क का भी बाधित हो जाना आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. उनका कहना है कि यदि किसी मरीज को अस्पताल ले जाना पड़े या एंबुलेंस तथा अग्निशमन वाहन को इस रास्ते से गुजरना हो तो गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है.
ईओ बोले- दिखवा लेते हैं, जल्द होगा निर्माण
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजू रंजन ने बताया कि इस सड़क का निर्माण जल्द ही बुडको के माध्यम से कराया जाना है. उन्होंने कहा कि नाले का पुराना स्लैब काफी जर्जर हो चुका है. संभवतः नाले की सफाई के लिए स्लैब हटाया गया होगा. जब उनसे पूछा गया कि स्लैब करीब 10 दिनों से सड़क पर पड़े हैं और लोगों को परेशानी हो रही है, तो उन्होंने कहा, "दिखवा लेते हैं."
लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का सवाल है कि शहर की प्रमुख वैकल्पिक सड़क कई दिनों से बाधित होने के बावजूद संबंधित विभाग और नगर परिषद की नजर अब तक इस ओर क्यों नहीं गई. लोगों ने मांग की है कि सड़क पर पड़े स्लैब को तत्काल हटाकर व्यवस्थित किया जाए, ताकि आवागमन सामान्य हो सके और किसी संभावित हादसे से बचा जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










