पटना में यातायात पुलिस की सतर्कता से टली अनहोनी, बच्चों को जबरन बैठाने की कोशिश के आरोप में ई-रिक्शा चालक धराया

बच्चे और आरोपी चालक
राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र में यातायात पुलिस ने एक ई-रिक्शा चालक को दो मासूम बच्चों को जबरन बैठाने की कोशिश करते हुए पकड़ा. बच्चों के शोर मचाने पर चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे धर दबोचा.
Patna Crime News : राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र में यातायात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से शनिवार को एक संभावित बड़ी घटना टल गई. आरोप है कि एक ई-रिक्शा चालक ने दो मासूम बच्चों को जबरन अपने वाहन में बैठाने की कोशिश की. बच्चों के शोर मचाने पर चालक मौके से भागने लगा, लेकिन यातायात पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
रोते हुए यातायात पुलिस के पास पहुंचे बच्चे
जानकारी के अनुसार, डरे-सहमे बच्चे रोते हुए पास में तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के पास पहुंचे और भाग रहे ई-रिक्शा चालक की ओर इशारा कर पूरी घटना बताई. बच्चों की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए आरोपी चालक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया. पकड़े गए चालक को पहले यातायात बूथ पर सुरक्षित रखा गया. इसके बाद पुलिस ने बच्चों के आई-कार्ड की मदद से उनके परिजनों से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया. साथ ही दीघा थाना और डायल-112 की टीम को भी सूचना दी गई.
पुलिस ई-रिक्शा चालक को कार्रवाई के लिए ले गयी
सूचना मिलने पर पहुंची दीघा थाना पुलिस ने बच्चों और पकड़े गए ई-रिक्शा चालक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ थाना ले गई. पकड़े गए चालक की पहचान शिव शंकर प्रसाद के रूप में हुई है. हालांकि, उसने बच्चों को जबरन वाहन में बैठाने के आरोप से इनकार किया है. चालक का कहना है कि वह केवल बच्चों को सड़क से हटाने का प्रयास कर रहा था, जिससे वे घबरा गए. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. बच्चों, उनके परिजनों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










