बिहार के DSP के पास 80 करोड़ की संपत्ति: ससुराल में बंगला, गर्लफ्रेंड के नाम जमीन, थार पर ‘पुलिस’ लिखकर घूमती है पत्नी

Published by :Abhinandan Pandey
Published at :03 Apr 2026 7:20 AM (IST)
विज्ञापन
bihar dsp property news

डीएसपी की तस्वीर और छापेमारी के दौरान EOU की टीम

Bihar News: बिहार के DSP गौतम कुमार पर आय से अधिक संपत्ति का बड़ा मामला सामने आया है. EOU की छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति, लग्जरी गाड़ियां और निवेश के दस्तावेज मिले हैं, जिसके बाद उन्हें पद से हटा दिया गया है और अब मनी लॉन्ड्रिंग जांच की तैयारी है.

विज्ञापन

Bihar News: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में किशनगंज में तैनात DSP गौतम कुमार पर गंभीर आरोप लगे हैं. आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की जांच में सामने आया है कि उन्होंने अपनी 32 साल की नौकरी के दौरान करीब 80 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति बनाई. छापेमारी के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है और अब उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज करने की तैयारी चल रही है.

8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

EOU ने 31 मार्च को एक साथ उनके 8 ठिकानों पर छापेमारी की. इनमें पूर्णिया के 3, किशनगंज के 2 और पटना, अररिया व सिलीगुड़ी के एक-एक ठिकाने शामिल हैं. इस कार्रवाई के दौरान जांच टीम को बड़ी मात्रा में संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले. करीब 36 जमीन के कागजात बरामद हुए हैं. इसके अलावा नोएडा और गुरुग्राम में इंवेस्टमेंट से जुड़े डॉक्युमेंट्स मिले हैं.

बंगला, गाड़ियां और करोड़ों की संपत्ति

जांच में यह भी सामने आया है कि पूर्णिया में उनका करीब 3600 स्क्वायर फीट में बना 4 मंजिला आलीशान बंगला है. इसकी कीमत लगभग 2.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इस मकान की सजावट और फर्निशिंग पर ही 1 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं. छापेमारी में 60 लाख रुपये के गहने, महंगी घड़ियां और क्रेटा व थार जैसी लग्जरी गाड़ियां भी बरामद हुई हैं.

पत्नी की लाइफस्टाइल भी चर्चा में

गौतम कुमार की पत्नी सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं, लेकिन उनकी लाइफस्टाइल भी चर्चा में है. बताया जा रहा है कि वे करीब 35 लाख रुपये की थार गाड़ी से चलती हैं. गाड़ी पर पुलिस का लोगो लगा हुआ है. उसी से स्कूल जाती हैं.

मनी लॉन्ड्रिंग केस और कार्रवाई

EOU ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में केस दर्ज कर लिया है. अब इस पूरे मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी करेगा. पुलिस मुख्यालय ने गौतम कुमार को उनके पद से हटाकर मुख्यालय में योगदान करने का निर्देश दिया है. उनकी जगह एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार सिंह को किशनगंज का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. माना जा रहा है कि जल्द ही उन्हें निलंबित भी किया जा सकता है.

गर्लफ्रेंड कनेक्शन की भी जांच

जांच के दौरान एक महिला मित्र का कनेक्शन भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि कुछ जमीन उनके नाम पर खरीदी गई थी. महिला के घर से 7 प्लॉट के दस्तावेज और करीब 60 लाख रुपये के गहने मिले हैं. साथ ही बैंक खातों में पैसे के लेन-देन के सबूत भी मिले हैं.

विधायक और निवेश का लिंक

इतना ही नहीं, जांच में एक विधायक के साथ सिलीगुड़ी में चाय बागान खरीदने की बात भी सामने आई है. नोएडा और गुरुग्राम में फ्लैट निवेश की भी जांच हो रही है. इससे संकेत मिलते हैं कि मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता.

लंबी नौकरी, अब सवालों के घेरे में

गौतम कुमार 1994 बैच के अधिकारी हैं और उन्होंने सीमांचल के किशनगंज, पूर्णिया, अररिया और कटिहार जैसे जिलों में लंबे समय तक सेवा दी है. उनकी छवि एक सख्त पुलिस अधिकारी की रही है, लेकिन अब उन्हीं पर गंभीर आरोप लगने से पूरा सिस्टम सवालों के घेरे में है.

Also Read: बिहार के इस जिले में 1 लाख 70 हजार रिश्वत लेते पेशकार गिरफ्तार, निगरानी की टीम ने रंगेहाथ दबोचा

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन