ePaper

स्कूलों में कौशल लैब बनाना अनिवार्य, अगस्त तक का दिया गया समय

Updated at : 17 Jun 2025 9:20 PM (IST)
विज्ञापन
स्कूलों में कौशल लैब बनाना अनिवार्य, अगस्त तक का दिया गया समय

सीबीएसइ से एफिलिएटेड सभी स्कूलों में समग्र कौशल लैब (कंपोजिट स्किल लैब) स्थापित करना अनिवार्य है.

विज्ञापन

संवाददाता, पटना

सीबीएसइ से एफिलिएटेड सभी स्कूलों में समग्र कौशल लैब (कंपोजिट स्किल लैब) स्थापित करना अनिवार्य है. बोर्ड से नये सिरे से संबद्धता प्राप्त करने वाले स्कूलों के लिए आवश्यक उपकरणों और मशीनरी के साथ लैब को तैयार करने का निर्देश पहले ही दिया था. अब बोर्ड ने वैसे सभी स्कूलों को कौशल लैब बनाने को लेकर दोबारा निर्देशित किया है. बोर्ड की ओर से अगस्त माह तक नये एफिलिएशन प्राप्त करने वाले स्कूलों को कंपोजिट स्किल लैब तैयार करने को कहा है. इसके साथ ही स्कूलों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति और नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क स्कूल एजुकेशन (एनसीएफएसइ) की सिफारिशों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी आवश्यक उपकरणों और मशीनरी के साथ एक समग्र कौशल लैब स्थापित करना होगा. स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे कक्षा छठी से बारहवीं के लिए 600 वर्ग फुट क्षेत्र की एक समग्र कौशल प्रयोगशाला (लैब) या 400 वर्ग फुट क्षेत्र के दो अलग-अलग लैब स्थापित करें. बोर्ड का कहना है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और स्कूली शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क) ने विशेष रूप से कक्षा छठी से दसवीं तक के छात्रों के लिए कौशल शिक्षा को बढ़ाने पर महत्वपूर्ण रूप से ध्यान केंद्रित किया है. एनसीएफ ने स्कूलों के भीतर अच्छी तरह से सुसज्जित कौशल प्रयोगशालाओं और व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना की वकालत की है.

पहले से संबद्ध स्कूलों को भी तैयार करनी होगी प्रयोगशाला

जबकि बोर्ड से पहले से ही संबद्ध वैसे स्कूल जहां अब तक आवश्यक उपकरणों और मशीनरी के साथ एक समग्र कौशल प्रयोगशाला स्थापित नहीं की गयी है, उन्हें भी लैब का निर्माण करने को कहा गया है. सीबीएसइ के सिटी को-ऑर्डिनेटर एसी झा ने कहा है कि लैब के तैयार होने से विद्यार्थियों के बीच उद्यमशीलता क्षमताओं को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी. बोर्ड की ओर से देखा गया है कि वर्तमान में कई स्कूलों में प्रभावी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिये आवश्यक सुविधाओं और उपकरणों की कमी है. बोर्ड के अनुसार इन लैब की स्थापना के बारे में अतिरिक्त विवरण जिसमें कौशल विषयों को पढ़ाने के लिये आवश्यक सामग्री के संबंध में जल्द ही दिशा-निर्देश जारी किया जायेगा. वहीं बोर्ड ने स्कूलों को कहा है कि जो पहले से कौशल विषयों की पेशकश कर रहे हैं वे अधिक कौशल विषयों की पेशकश करके छात्रों को अधिक विकल्प प्रदान करें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AMBER MD

लेखक के बारे में

By AMBER MD

AMBER MD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन