पटना में संयुक्त सचिव की नेम प्लेट लगी कार से 560 लीटर महुआ शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
संयुक्त सचिव की नेम प्लेट लगी सरकारी वाहन\ प्रभात खबर

संयुक्त सचिव की नेम प्लेट लगी सरकारी वाहन\ प्रभात खबर

Patna Liquor Smuggling: फुलवारी शरीफ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार सरकार के संयुक्त सचिव की नेम प्लेट लगी एक कार से 560 लीटर महुआ शराब बरामद की है. वाहन चालक को गिरफ्तार कर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.

विज्ञापन

Patna Liquor Smuggling: पटना के परसा बाजार थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार सरकार के संयुक्त सचिव की नेम प्लेट लगी एक कार से 560 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की है. पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

वाहन जांच के दौरान हुआ खुलासा

थानाध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि जांच अभियान के दौरान बीआर01जेजेड-5343 नंबर की डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई. कार पर "संयुक्त सचिव, मुख्य जांच आयुक्त निदेशालय, सामान्य प्रशासन विभाग" का बोर्ड लगा हुआ था. तलाशी के दौरान वाहन से 560 लीटर देशी महुआ शराब बरामद होने के बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया गया.

गिरफ्तार चालक की पहचान पुनपुन थाना क्षेत्र के समनचक डुमरी निवासी सुधीश कुमार, पिता स्वर्गीय भोली राय, के रूप में हुई है.

सप्ताहांत में करता था कथित तौर पर शराब तस्करी

पुलिस पूछताछ में चालक ने बताया कि उक्त वाहन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा संयुक्त सचिव के उपयोग के लिए किराये पर लिया गया है. सोमवार से शुक्रवार तक वह इसी वाहन से संयुक्त सचिव को सचिवालय स्थित कार्यालय लाने और ले जाने का कार्य करता था.

उसने पूछताछ में यह भी बताया कि शनिवार और रविवार को सचिवालय बंद रहने का फायदा उठाकर वह अधिकारी के बोर्ड और नेम प्लेट लगी इसी कार से कथित तौर पर शराब की तस्करी करता था. उसे विश्वास था कि वरिष्ठ अधिकारी का बोर्ड लगा होने के कारण पुलिस वाहन की जांच नहीं करेगी.

उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने चालक के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. बरामद शराब और वाहन को भी जब्त कर लिया गया है.

सरकारी पहचान के दुरुपयोग पर पुलिस सख्त

थानाध्यक्ष मेनका रानी ने कहा कि सरकारी पहचान का दुरुपयोग कर अवैध कारोबार करने का मामला बेहद गंभीर है. अब ऐसे सभी वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी, जिन पर बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों का बोर्ड या नेम प्लेट लगी होगी.

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे वाहनों की सघन जांच की जाएगी, ताकि सरकारी पहचान की आड़ में अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह और गुंजन सिंह गोपालगंज कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, मिली स्थायी जमानत, जानें पूरा केस



विज्ञापन
Ajit Kumar Phulwarisharif

लेखक के बारे में

By Ajit Kumar Phulwarisharif

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन